गिरियक (नालंदा) : बिजली विभाग ने छापेमारी कर अवैध रूप से बिजली चोरी करने वालों की धर पकड़ शुरू कर दी है. इसी को लेकर सोमवार को कई गांव में छापेमारी कर आठ लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जुर्माना किया गया. बिजली विभाग द्वारा छापेमारी कर आठ लोगों पर आठ लाख रुपये का जुर्माना किया गया है. विभाग के सहायक अभियंता पप्पू कुमार ने बताया कि बिजली चोरी में जुनेदी गांव में नवीन सिंह, सिकंदर चौधरी,
कमलेश चौधरी एवं सुदील चौधरी इन चारों पर 18430 रुपये प्रति व्यक्ति हिसाब से विभाग ने जुर्माना किया है. इन चारों ने अवैध रूप से टोका फंसाकर दो एसपी के मोटर चलाकर खेत की पटवन कर बिजली चोरी कर रहे थे. इन चारों के खिलाफ सिलाव थाने में एफआईआर दर्ज करायी गयी है. वहीं गिरियक थाना के शोभनगर निवासी महेंद्र पर बिजली विभाग ने 18430 रुपये जुर्माना किया गया है. महेंद्र अवैध रूप से टोका फंसाकर दो एचपी के मोटर चलाकर बिजली चोरी कर रहे थे. वहीं तारापुर गांव के सुखदेव प्रसाद, बिल एलडी कराने के बावजूद अवैध रूप से टोका फंसाकर दो एचपी के मोटर चलाकर बिजली चोरी कर रहे थे. इन पर 18430 एवं बिल एलडी का बकाया 1,93282 रुपये विभाग ने जुर्माना किया है. वहीं धर्मेंद्र महतो अवैध रूप से टोका फंसाकर दो एचपी की मोटर से खेत की पटवन कर बिजली चोरी कर रहे थे. इन पर विभाग ने 18430 एवं कनेक्शन डिस्कनेक्ट के बिल के 1,98337 बकाया का केस दर्ज किया गया है.
इसी गांव के सुदामा प्रसाद बिल एलडी के बावजूद दो एचपी के मोटर से बिजली चोरी कर रहे थे. इन पर 18430 एवं बिल बकाया 2,27337 का जुर्माना बिजली विभाग ने किया है. एसडीओ ने बताया कि इन तीनों ने अपना बिजली बिल डिस्कनेक्ट करा लिया था. इसके बावजूद वे लोग अवैध रूप से टोका फंसाकर बिजली चोरी कर रहे थे. बिजली छापेमारी दल का नेतृत्व कनीय अभियंता कमलेश कुमार कर रहे थे. जेई ने बताया कि पांच लोगों के खिलाफ गिरियक थाने में एफआईआर दर्ज कराया गया है. छापेमारी दल में बिजली विभाग के सभी मानव बल कर्मी शामिल थे.
