बिहारशरीफ : सड़क हादसे में स्कूटी सवार युवक की मौत हो गयी. घटना नूरसराय थाना क्षेत्र के डोइया मोड़ के पास रविवार की देर संध्या घटी. हादसे में मरने वाले युवक की पहचान मुंगेर जिले के मुंगेरीगंज निवासी विक्की कुमार के रूप में की गयी है. बताया जाता है कि स्कूटी सवार युवक थाना क्षेत्र […]
By Prabhat Khabar Digital Desk | Updated at :
बिहारशरीफ : सड़क हादसे में स्कूटी सवार युवक की मौत हो गयी. घटना नूरसराय थाना क्षेत्र के डोइया मोड़ के पास रविवार की देर संध्या घटी. हादसे में मरने वाले युवक की पहचान मुंगेर जिले के मुंगेरीगंज निवासी विक्की कुमार के रूप में की गयी है. बताया जाता है कि स्कूटी सवार युवक थाना क्षेत्र के डोइया मोड़ के पास खड़ी एक ट्रैक्टर में जाकर ठोकर मार दी.
घटना की जानकारी के बाद मौके पर पहुंची नूरसराय थाना पुलिस घायल युवक को इलाज के लिए सदर अस्पताल में भर्ती कराया, जहां चिकित्सकों ने युवक को मृत घोषित कर दिया. घटना के वक्त स्कूटी सवार युवक बिहारशरीफ से नूरसराय स्थित कूट फैक्ट्री की ओर जा रहा था. पुलिस ने शव का अंत्यपरीक्षण करा कर उनके परिजनों को सौंप दिया है.
सर्पदंश से युवक की मौत: परबलपुर. थाना क्षेत्र के शंकरडीह ग्राम में रविवार की शाम एक 14 वर्षीय युवक की मौत सर्पदंश से हो गयी. मृतक की पहचान संजय सिंह के पुत्र सूरज कुमार के रूप में हुई, जो परबलपुर स्थित ज्ञानोदय निजी विद्यालय का छात्र था. घटना के संबंध में बताया जाता है कि वह घर के समीप ही अन्य साथियों के साथ खेल रहा था कि अचानक सांप ने डंस लिया. उसे इलाज के लिए अस्पताल में लाया जा रहा था कि रास्ते में ही उसकी मौत हो गयी.
सप्ताह भर पूर्व उसी गांव में विनेश पांडेय के 14 वर्षीय पुत्र सन्नी कुमार की भी मौत सांप के काटने से हो गयी थी. ग्रामीणों ने बताया कि इन दिनों गांव में सांप का आतंक हो गया है और करीब पांच लोग इसके चपेट में आ चुके हैं. इलाज और झाड़-फूंक से कुछ लोग बच गये हैं.
करेंट लगने से युवक की मौत
बेन. स्थानीय थाना क्षेत्र के कोनहारापर गांव में करेंट लगने से एक युवक की मौत हो गयी. बताया जाता है कि कोनहारापुर गांव निवासी राजेशर यादव के 30 वर्षीय पुत्र भोला यादव की मौत बिजली मोटर से मवेशी का चारा काटने के दौरान करेंट की चपेट में आ जाने से हो गयी. भोला की मौत से उसके परिजन काफी मर्माहत है.
लूटपाट में विफल अपराधियों ने की फायरिंग: बिहारशरीफ. शहर के नगर थाना क्षेत्र के चौखंडी पर सोमवार की सुबह हथियारबंद अपराधियों द्वारा फायरिंग करने का मामला प्रकाश में आया है. फायरिंग के दौरान अपराधियों द्वारा महिलाओं से सोने की चेन छीनने का भी प्रयास किया गया. हालांकि अपराधी आभूषण लूटने में कामयाब नहीं रहे. घटना के वक्त मौके पर एक टमटम चालक द्वारा अपराधियों को खदेड़ा गया. हालांकि नगर थाना पुलिस ने इस तरह की किसी भी घटना के होने से इन्कार किया है.
प्रत्यक्षदर्शियों की मानें तो तीन की संख्या में रहे अपराधियों ने सोमवार की सुबह चौखंडी के पास हाजीपुर मोहल्ले में सरेराह उक्त घटना को अंजाम दिया है. अचानक चली गोलीबारी की घटना के बाद स्थानीय लोग काफी सहम गये. नगर थाना पुलिस ने बताया कि घटना की शिकायत किसी द्वारा थाने में दर्ज नहीं करायी गयी है.