Youth Dead Body Found: मुजफ्फरपुर जिले के गायघाट थाना क्षेत्र स्थित बाघाखाल गांव में शनिवार की सुबह एक दर्दनाक घटना सामने आई. यहां झाड़ियों में एक 33 वर्षीय युवक का अर्धनग्न शव बरामद हुआ है. मृतक की पहचान गांव के ही जगदीश मांझी के बेटे रंजीत मांझी के रूप में हुई है. वह गुरुवार की देर रात से रहस्यमय तरीके से लापता था. शव मिलने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है. पुलिस और एफएसएल की टीम मामले की तफ्तीश में जुट गई है.
Muzaffarpur News: मछली पकड़ने के दौरान हुआ हादसा
मृतक के भाई ने बताया कि रंजीत गुरुवार की रात अपने कुछ साथियों के साथ गांव के ही पोखर में मछली पकड़ने के लिए निकला था. पोखर के पास बैंगन का एक खेत है, जहां जंगली जानवरों से फसल की सुरक्षा के लिए बिजली का तार लगाया गया था. इसी दौरान रंजीत के साथ गए उसके एक साथी मलकीत को करंट लग गया और वह बुरी तरह झुलस गया. घबराए हुए अन्य साथी मलकीत को इलाज के लिए तुरंत स्थानीय डॉक्टर के पास ले गए. इस अफरातफरी के बीच किसी का ध्यान रंजीत पर नहीं गया और वह लापता हो गया.
दुर्गंध आने पर हुई खोजबीन, शव बरामद
शनिवार की सुबह जब गांव का एक किसान अपने खेत की ओर गया, तो उसने वहां एक नीलगाय को मृत अवस्था में देखा. उसी दौरान पास की झाड़ियों से तेज दुर्गंध आ रही थी. बदबू के कारण जब स्थानीय लोगों ने आसपास खोजबीन शुरू की, तो खेत से करीब तीन सौ मीटर की दूरी पर रंजीत का शव पड़ा हुआ मिला. शव का कुछ हिस्सा झुलसा हुआ था, जिससे करंट लगने की आशंका मजबूत हो रही है.
एफएसएल और पुलिस की जांच जारी
घटना की सूचना मिलते ही गायघाट थाने की पुलिस और एफएसएल (FSL) की टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी. गायघाट के थानाध्यक्ष जय प्रकाश गुप्ता ने बताया कि घटनास्थल का मुआयना कर लिया गया है. प्रथम दृष्टया मामला करंट लगने से मौत का लग रहा है. हालांकि, मौत का वास्तविक कारण पोस्टमार्टम और एफएसएल जांच की रिपोर्ट आने के बाद ही पूरी तरह से स्पष्ट हो सकेगा. पुलिस फिलहाल आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है.
