Bihar Local Bodies Employees Federation: नगर निकाय कर्मचारियों की विभिन्न न्यायोचित एवं लंबित मांगों पर नगर विकास एवं आवास विभाग द्वारा सकारात्मक निर्णय लिए जाने के उपरांत मुजफ्फरपुर में खुशी का माहौल है. इस ऐतिहासिक फैसले के स्वागत में मुजफ्फरपुर नगर निगम कार्यालय परिसर में नगर निगम कर्मचारी संघ द्वारा एक भव्य 'आभार एवं धन्यवाद समारोह' का आयोजन किया गया. इस दौरान कर्मचारियों ने एक-दूसरे को बधाई दी और सरकार व प्रशासन के प्रति अपना आभार व्यक्त किया.
Muzaffarpur News: सरकार व प्रशासन के प्रति जताया आभार
समारोह में बिहार लोकल बॉडीज एम्प्लाइज फेडरेशन के महामंत्री अशोक कुमार सिंह ने कहा कि कर्मचारियों की मांगों पर सरकार का यह सकारात्मक रुख अत्यंत उत्साहवर्धक है. उन्होंने हड़ताल के दौरान कर्मचारियों पर कोई दंडात्मक अनुशासनात्मक कार्रवाई न करने के लिए नगर निगम प्रशासन, निगम बोर्ड और सशक्त स्थायी समिति के प्रति विशेष धन्यवाद व्यक्त किया. वहीं, संघ के मंत्री सत्येंद्र प्रसाद सिंह ने नगर आयुक्त, महापौर और उपमहापौर के सहयोग की सराहना करते हुए इसे लंबे संघर्ष की जीत बताया.
पूरी निष्ठा से जनसेवा करने की अपील
कर्मचारी नेताओं ने सभी कर्मियों से अपील की कि निर्णय के बाद अब सभी साथी पूरी निष्ठा, अनुशासन और समर्पण के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करें. उन्होंने कहा कि आम नागरिकों को बेहतर सेवा प्रदान करना ही हमारी मुख्य प्राथमिकता है. अंत में नेताओं ने “कर्मचारी एकता हमारी शक्ति है, जनसेवा हमारा दायित्व है” का नारा दोहराते हुए एकजुटता का आह्वान किया.
समारोह में ये गणमान्य रहे मौजूद
कार्यक्रम में निगम प्रशासन एवं सशक्त स्थायी समिति की ओर से उप नगर आयुक्त अमित कुमार व स्वरा तथा स्थायी समिति सदस्य राजीव कुमार पंकु, अर्चना पंडित, अभिमन्यु सिंह चौहान, अमित कुमार, इकबाल हसन, मन्नौवर हुसैन और गनिता देवी मौजूद रहीं. इनके अलावा कर्मचारी नेता दीपक कुमार, मोहम्मद नूर आलम, सुनील कुमार सिन्हा, रोजी मसीह, गरीबनाथ भगत, रवि रंजन समेत बड़ी संख्या में निगम कर्मी उपस्थित रहे.
