Municipal Employees Strike: बिहार नगर सेवा संघ ने अपनी अनिश्चितकालीन हड़ताल और सामूहिक अवकाश तत्काल प्रभाव से समाप्त करने का निर्णय लिया है. इसके साथ ही प्रदेश के सभी नगर निगम, नगर परिषद और नगर पंचायत के अधिकारी एवं कर्मचारी 5 अगस्त से अपने-अपने कार्यालयों और कर्तव्यों पर लौटेंगे.
डेहरी ईओ हत्याकांड के बाद शुरू हुई थी हड़ताल
डेहरी डालमियानगर के कार्यपालक पदाधिकारी की हत्या के विरोध में राज्यभर के कार्यपालक पदाधिकारी और नगर निकाय कर्मी हड़ताल पर चले गए थे. इस दौरान नगर निकायों का कामकाज प्रभावित रहा.
विभाग ने सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने का दिया आश्वासन
नगर विकास एवं आवास विभाग ने सभी जिलाधिकारियों, वरीय पुलिस अधीक्षकों और पुलिस अधीक्षकों को पत्र जारी कर नगर निकाय अधिकारियों की सुरक्षा व्यवस्था सुदृढ़ करने के निर्देश दिए हैं.
निर्देश के अनुसार निकाय क्षेत्रों में सशस्त्र गृह रक्षकों (होमगार्ड) की प्रतिनियुक्ति की जाएगी. साथ ही नगर आयुक्तों और कार्यपालक पदाधिकारियों के शस्त्र अनुज्ञप्ति (आर्म्स लाइसेंस) संबंधी आवेदनों का प्राथमिकता के आधार पर निष्पादन किया जाएगा.
जनता के हित में वापस लिया आंदोलन
संघ ने कहा कि विभाग द्वारा सुरक्षा संबंधी मांगों को पूरा करने और शेष समस्याओं के शीघ्र समाधान का सकारात्मक आश्वासन दिए जाने के बाद जनता के हितों को ध्यान में रखते हुए आंदोलन समाप्त करने का निर्णय लिया गया है.
एक महीने का अल्टीमेटम
बिहार नगर सेवा संघ के महासचिव अरविंद कुमार सिंह ने कहा कि यदि सरकार एक महीने के भीतर संघ की सभी मांगों पर सकारात्मक कार्रवाई नहीं करती है तो सभी अधिकारी और कर्मचारी दोबारा हड़ताल पर जाने के लिए बाध्य होंगे.
उन्होंने बताया कि इस निर्णय की सूचना सभी जिलाधिकारियों, नगर विकास एवं आवास विभाग के प्रधान सचिव, विभागीय मंत्री तथा मुख्यमंत्री कार्यालय को भेज दी गई है.
