मुजफ्फरपुर: जैतपुर थाना क्षेत्र में सरैया-मोतीपुर मार्ग (एसएच-86) पर सोमवार की दोपहर हथियारबंद तीन लुटेरों ने बाइक से जा रहे होमगार्ड जवान को घेर लिया. बदमाशों ने जवान के सिर में पिस्टल सटा दी और उसकी भाभी से सोने की चेन, कान के टॉप्स, स्मार्टफोन और पर्स लूट लिया. इसके बाद तीनों लुटेरे पिस्टल लहराते हुए जैतपुर की तरफ फरार हो गये.
घटना सरैया और जैतपुर थाना की सीमा के पास हुई. दोनों थानों की पुलिस मौके पर पहुंची और छानबीन की. घटनास्थल जैतपुर थाना क्षेत्र में होने के कारण पीड़ित ने जैतपुर थाने में आवेदन दिया है.
बाइक ओवरटेक कर तीन लुटेरों ने घेरा
जानकारी के अनुसार वैशाली जिले के सराय थाना क्षेत्र के शंभूपुर कुआंरी गांव निवासी होमगार्ड जवान चंदन कुमार अपनी भाभी प्रियंका कुमारी को घर से उनके मायके जैतपुर थाना क्षेत्र के कोलवारा गांव पहुंचाने जा रहे थे.
रास्ते में बिसरपट्टी गांव स्थित एक निजी स्कूल के समीप पीछे से एक बाइक पर आये तीन हथियारबंद लुटेरों ने उनकी बाइक को ओवरटेक कर घेर लिया. दो लुटेरों ने हेलमेट पहन रखा था, जबकि तीसरे का चेहरा खुला था.
पिस्टल सटाकर चेन और मोबाइल लूटा
बाइक रोकने के बाद एक लुटेरे ने होमगार्ड जवान के सिर पर पिस्टल सटा दी. इसी दौरान दूसरे लुटेरे ने उनकी भाभी प्रियंका कुमारी के गले से सोने की चेन और कान के टॉप्स निकाल लिये. बदमाशों ने उनका स्मार्टफोन और पर्स भी लूट लिया.
पर्स में एक हजार रुपये, कपड़े समेत अन्य सामान थे. इसके अलावा लुटेरों ने होमगार्ड जवान चंदन कुमार का मोबाइल भी ले लिया.
CCTV फुटेज खंगाल रही पुलिस
वारदात को अंजाम देने के बाद तीनों लुटेरे पिस्टल लहराते हुए जैतपुर की ओर भाग गये. घटना की सूचना मिलने पर जैतपुर थानाध्यक्ष रजनीकांत पटेल मौके पर पहुंचे और छानबीन की.
पुलिस ने पीड़ित होमगार्ड जवान से पूछताछ की और आगे की कार्रवाई के लिए उन्हें थाने ले गयी. लुटेरों की पहचान के लिए पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है.
यह भी पढ़ें
कांटी में तेज रफ्तार दो बाइक की टक्कर, पशु चिकित्सक की मौत; अस्पताल पहुंचने से पहले तोड़ा दम
