CM Samrat Gift: मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने मुजफ्फरपुर दौरे के दौरान जिले को विकास की कई सौगातें दीं. उन्होंने सिकंदरपुर लेक फ्रंट पहुंचकर मरीन ड्राइव का उद्घाटन किया. मरीन ड्राइव शुरू होने से शहर की खूबसूरती बढ़ने के साथ लोगों को एक नया पर्यटन स्थल भी मिलेगा. मुख्यमंत्री ने लेक फ्रंट का निरीक्षण कर वहां विकसित की गई सुविधाओं का जायजा भी लिया.
982 योजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास
मुजफ्फरपुर के MIT परिसर में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने नगर विकास एवं आवास विभाग और बुडको की 1047 करोड़ रुपये की 982 योजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया.
इन योजनाओं में सड़क निर्माण, नाला व्यवस्था, पार्क, जल निकासी, शहरी सुविधाएं और सौंदर्यीकरण से जुड़े काम शामिल हैं. सरकार का कहना है कि इन परियोजनाओं के पूरा होने के बाद मुजफ्फरपुर समेत कई शहरों की तस्वीर बदलेगी.
जीविका दीदियों के स्टॉल का किया निरीक्षण
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने जीविका दीदियों की ओर से लगाए गए स्टॉल का भी निरीक्षण किया. उन्होंने महिलाओं से बातचीत कर उनके काम और अनुभवों की जानकारी ली.
वहीं, कार्यक्रम में बड़ी संख्या में महिलाएं भी पहुंचीं. कई महिलाओं ने सरकार की योजनाओं की सराहना की. साथ ही महिलाओं की सुरक्षा और अपराध पर सख्त कार्रवाई की मांग भी रखी.
मुजफ्फरपुर में बनेगा नया टाउनशिप
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कहा कि शहरों का विकास बिहार की समृद्धि के लिए जरूरी है. उन्होंने बताया कि मुजफ्फरपुर में तिरहुत के नाम से नया टाउनशिप विकसित किया जाएगा.
उन्होंने कहा कि राज्य में कुल 12 नए टाउनशिप बसाने की योजना पर काम चल रहा है. पुराने शहरों को व्यवस्थित करने में समय लगता है, लेकिन सरकार लगातार बुनियादी सुविधाओं को बेहतर बनाने में जुटी है.
1.70 करोड़ परिवारों को मुफ्त बिजली का दावा
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार बिना भेदभाव के योजनाओं का लाभ लोगों तक पहुंचा रही है. उन्होंने बताया कि 1 करोड़ 70 लाख परिवारों को 125 यूनिट मुफ्त बिजली देने की योजना लागू की जा रही है. उन्होंने कहा कि सरकार का लक्ष्य हर पात्र परिवार तक सुविधा पहुंचाना है.
मुजफ्फरपुर से जुड़ेगा नया एक्सप्रेस-वे, रैपिड रेल से पटना की दूरी घटेगी
सीएम सम्राट चौधरी ने कहा कि मुजफ्फरपुर के पास से नया एक्सप्रेस-वे गुजरेगा. इसके अलावा रैपिड रेल परियोजना पूरी होने के बाद पटना से मुजफ्फरपुर का सफर करीब 40 मिनट में पूरा हो सकेगा. उन्होंने यह भी कहा कि मुजफ्फरपुर में नए एयरपोर्ट का शिलान्यास जल्द किया जाएगा.
अपराध और भ्रष्टाचार पर सख्त संदेश
मुख्यमंत्री ने कानून व्यवस्था को लेकर भी बयान दिया. उन्होंने कहा कि अपराधियों से कोई समझौता नहीं किया जाएगा. अपराधी या तो जेल जाएंगे या बिहार छोड़ना पड़ेगा. उन्होंने कहा कि भ्रष्टाचार और साइबर अपराध के खिलाफ सरकार जीरो टॉलरेंस की नीति पर काम कर रही है.
सीएम ने कहा कि मुजफ्फरपुर उत्तर बिहार के विकास का केंद्र बनेगा और आने वाले समय में यहां तेजी से बदलाव देखने को मिलेगा.
