Muzaffarpur Road Repair: मुजफ्फरपुर के चक्कर चौक से चक्कर मैदान जाने वाली जर्जर सड़क पर बुधवार को गिट्टी-बालू पर फिसलकर हुई डॉ. शशांक की मौत ने पूरे शहर को झकझोर कर रख दिया है. इस दर्दनाक हादसे से आहत रोटरी क्लब ऑफ तिरहुत के सदस्य कमांडर शशांक शेखर ने खुद आगे बढ़कर बदहाल और जानलेवा बनी सड़क की मरम्मत कराने का बीड़ा उठाया.
Muzaffarpur News: प्रशासनिक उपेक्षा पर भारी पड़ा सामाजिक दायित्व
वर्षों से बदहाल इस मार्ग पर बड़े-बड़े गड्ढे और बिखरी गिट्टियां राहगीरों के लिए लगातार जानलेवा बनी हुई थीं. इस रास्ते से रोजाना स्कूली बच्चे, मरीज और आम नागरिक भारी जोखिम उठाकर गुजरने को मजबूर थे. घटना के बाद प्रशासनिक अमले की हीलाहवाली का इंतजार किए बिना कमांडर शशांक शेखर ने क्लब के सहयोग से रातों-रात सड़क के जर्जर हिस्से का निर्माण व मरम्मत कार्य पूरा कराया.
Rotary Club Tirhut: स्थानीय लोगों ने जताई खुशी, कदम की सराहना
सड़क दुरुस्त होने पर राहत महसूस कर रहे स्थानीय निवासी पंकज कुमार ने कहा कि जो कार्य नगर निगम व प्रशासन को प्राथमिकता से करना चाहिए था, उसे शशांक शेखर जी ने मानवता के नाते पूरा किया. उन्होंने कहा कि यह सराहनीय कदम केवल सड़क की मरम्मत नहीं, बल्कि सामाजिक उत्तरदायित्व की एक मिसाल है.
क्लब का मिला पूर्ण सहयोग: इस सामाजिक सेवा कार्य में रोटरी क्लब ऑफ तिरहुत के अध्यक्ष ऋतेश अनुपम, सचिव आशीष शंकर, संजीव चौधरी, उदय भानु और प्रेम कुमार चौधरी समेत अन्य रोटेरियन सक्रिय रहे. क्लब के सदस्यों ने संदेश दिया कि हर काम के लिए केवल व्यवस्था और प्रशासन पर निर्भर रहने के बजाय अपनी क्षमता के अनुसार पहल करना ही सच्ची समाजसेवा है.
