Railway Loco Running Staff Protest: ऑल इंडिया लोको रनिंग स्टाफ एसोसिएशन के केंद्रीय समिति के आह्वान पर गुरुवार को मुजफ्फरपुर क्रू लॉबी के पास लोको रनिंग स्टाफ ने अपनी विभिन्न मांगों को लेकर शांतिपूर्ण विरोध प्रदर्शन किया. प्रदर्शन की अध्यक्षता कॉमरेड कपिल देव यादव ने की. प्रदर्शन के दौरान रेल प्रशासन की नीतियों के खिलाफ कर्मचारियों ने गहरा आक्रोश जताया.
Railway News: लगातार चार रात ड्यूटी पर रोक लगाने की मांग
प्रदर्शन को संबोधित करते हुए कॉमरेड विपिन नंदन ने कहा कि लोको पायलटों से लगातार काम के घंटे बढ़ाए जा रहे हैं और कर्मचारियों से लगातार चार-चार रात ड्यूटी ली जा रही है, जिस पर अविलंब रोक लगनी चाहिए.वहीं शाखा सचिव बिरझन चौधरी ने कहा कि वर्ष 2009 के बाद से रेलवे की अन्य सभी श्रेणियों का दो बार कैडर रिस्ट्रक्चर हो चुका है, लेकिन लोको रनिंग स्टाफ के साथ सौतेला व्यवहार किया जा रहा है. बार-बार केवल आश्वासन मिलता है, जो कि बेहद चिंताजनक है.
सीनियरिटी दरकिनार करने का आरोप
कॉमरेड विनोद एवं कपिल देव यादव ने मांग रखी कि लोको रनिंग स्टाफ के लिए 8 घंटे की ड्यूटी निर्धारित की जाए और लंबे समय से लंबित ओवरटाइम के बकाये का शीघ्र भुगतान हो.वहीं कॉमरेड रवींद्र कुमार ने आरोप लगाया कि सीनियरिटी (वरिष्ठता) को नजरअंदाज कर सवारी गाड़ी के ड्राइवरों से मालगाड़ी और मालगाड़ी के ड्राइवरों से एक्सप्रेस ट्रेनें चलवाई जा रही हैं. इस प्रदर्शन के दौरान ईश्वर चंद्र विद्यासागर, नीरज कुमार, ओम जी, जयनाथ कुमार राय, रामकिशोर, सुनील कुमार, बबलू कुमार, ओंकार और विजय सहित कई कर्मचारी मौजूद थे.
एसोसिएशन की प्रमुख मांगें
- कैडर रिस्ट्रक्चरिंग: लोको रनिंग स्टाफ का अविलंब कैडर रिस्ट्रक्चरिंग किया जाए.
- ड्यूटी सीमा: ड्यूटी के घंटे अधिकतम 8 घंटे तय हों और लगातार नाइट ड्यूटी पर रोक लगे.
- बकाया भुगतान व पदोन्नति: बकाया ओवरटाइम का शीघ्र भुगतान किया जाए और समय पर पदोन्नति दी जाए.
- सम्मानजनक बीओएस: सवारी एवं मालगाड़ी के ड्राइवरों का सम्मानजनक बीओएस (BOS) निर्धारण हो.
- स्थानीय सुविधाएं: क्रू लॉबी मुजफ्फरपुर में निःशुल्क साइकिल स्टैंड और 36 घंटे में मुख्यालय वापसी की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए.
