: Deepfake Honeytrap Extortion: पटना के एक नामी होटल व्यवसायी को आधुनिक तकनीक के सबसे खतरनाक जाल में फंसाने का सनसनीखेज मामला सामने आया है. शातिर तस्करों ने आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) और डीपफेक तकनीक का इस्तेमाल कर व्यवसायी को हनीट्रैप का शिकार बना लिया. इस हाईटेक ब्लैकमेलिंग के जरिए गिरोह ने पीड़ित से एक करोड़ रुपये की रंगदारी मांगी और समाज में बदनामी का डर दिखाकर अब तक 97 लाख रुपये वसूल भी लिए. शनिवार को रंगदारी की आखिरी किस्त के रूप में 20 लाख रुपये अहियापुर के एक होटल में लिए गए. लेकिन मुजफ्फरपुर पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए नोटों के बैग में इलेक्ट्रॉनिक ट्रैकर लगा दिया और जाल बिछाकर मुख्य आरोपी के घर से 20 लाख रुपये नकद बरामद कर लिए.
गर्लफ्रेंड के साथ मिलकर मास्टरमाइंड ने बुना जाल
पुलिस जांच में इस हाईटेक साजिश का मास्टरमाइंड अहियापुर के एसकेएमसीएच गेट नंबर दो के पास रहने वाला अभिषेक कुमार निकला. अभिषेक ने अपनी गर्लफ्रेंड के साथ मिलकर इस पूरे खेल का ताना-बाना बुना था. गिरोह ने पहले युवती की मदद से होटल व्यवसायी से संपर्क बढ़ाया. इसके बाद एआई तकनीक और डीपफेक के जरिए पीड़ित का एक फर्जी न्यूड वीडियो तैयार कर लिया. इस वीडियो को सोशल मीडिया और समाज में वायरल करने की धमकी देकर आरोपियों ने एक करोड़ रुपये की बड़ी डिमांड रख दी थी.
नोटों से भरा बैग बरामद, इलेक्ट्रॉनिक ट्रैकर से खुली पोल
सिटी एसपी मोहिबुल्लाह अंसारी के नेतृत्व में गठित पुलिस की विशेष टीम ने इलेक्ट्रॉनिक ट्रैकर की मदद से मुख्य आरोपी के घर पर अचानक छापेमारी की. पुलिस ने वहां से ब्लैकमेलिंग के 20 लाख रुपये से भरा बैग बरामद कर लिया. छापेमारी के दौरान पुलिस ने पूरी वीडियोग्राफी कराई और परिजनों के सामने जब्ती सूची तैयार की. हालांकि, पुलिस की भनक लगते ही मुख्य आरोपी अभिषेक मौके से फरार हो गया.
आयकर विभाग को सूचना, फरार आरोपियों की तलाश तेज
इतनी बड़ी मात्रा में कैश बरामद होने के बाद मुजफ्फरपुर पुलिस ने आगे की वित्तीय जांच के लिए आयकर विभाग (Income Tax) को भी सूचित कर दिया है. पुलिस अब यह पता लगा रही है कि इस गिरोह ने पहले भी कितने रसूखदार लोगों को अपना शिकार बनाया है. सिटी एसपी ने बताया कि मुख्य आरोपी और उसकी गर्लफ्रेंड सहित चार लोग फिलहाल फरार हैं, जिनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें लगातार संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही हैं.
ये भी पढ़ें: बूढ़ी गंडक के जलस्तर में भारी उफान, खतरे के निशान के करीब पहुंची नदी
