DRM Inspection Paru: सोनपुर रेल मंडल के मंडल रेल प्रबंधक (डीआरएम) अमित सरन ने बुधवार को पारू, देवरिया, साहेबगंज और केसरिया-सुगौली रेलखंड का विस्तृत निरीक्षण किया. सोनपुर डीआरएम की विशेष सैलून पारू रेलवे स्टेशन पर रुकी. उन्होंने पारू स्टेशन परिसर, पैनल रूम और सबवे का बारीकी से जायजा लिया और अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए.
रेलवे अंडरपास में जलजमाव की समस्या होगी दूर
निरीक्षण के दौरान डीआरएम अमित सरन ने पारू से देवरिया के बीच रेलवे अंडरपास में हो रहे जलजमाव की गंभीर समस्या पर संज्ञान लिया. उन्होंने कहा कि जलजमाव के कारण आम लोगों के आवागमन में हो रही परेशानी का जल्द से जल्द स्थायी निदान किया जाएगा. इसके साथ ही मुख्य सड़क से रेलवे स्टेशन को जोड़ने वाले पहुंच मार्ग पर जलजमाव दूर करने और निर्माणाधीन सड़क का काम जल्द पूरा करने के निर्देश दिए.
स्टेशन पर लगेंगी स्ट्रीट लाइटें और नया ट्रांसफार्मर
- पारू स्टेशन का सौंदर्यीकरण: स्टेशन परिसर में बेहतर रोशनी के लिए नई स्ट्रीट लाइटें लगाई जाएंगी.
- बिजली व्यवस्था में सुधार: निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए नया ट्रांसफार्मर लगाया जाएगा.
- अन्य स्टेशनों का निरीक्षण: पारू के बाद डीआरएम ने देवरिया, साहेबगंज और केसरिया रेलवे स्टेशनों पर चल रहे विकास कार्यों की प्रगति का भी निरीक्षण किया.
इस अवसर पर रेलवे के विभिन्न विभागों के दर्जनों वरिष्ठ अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे.
ये भी पढ़ें: मुजफ्फरपुर: सावन में मारवाड़ी युवा मंच संस्कृति शाखा निकालेगी बाल कांवर यात्रा, 131 बच्चे होंगे शामिल
