NUJ Muzaffarpur News: नेशनल यूनियन ऑफ जर्नलिस्ट्स (एनयूजे) बिहार की मुजफ्फरपुर जिला इकाई की एक महत्वपूर्ण बैठक जिलाध्यक्ष संजीव कुमार की अध्यक्षता में आयोजित की गई. बैठक में संगठन के विस्तार, पत्रकारों के हित और उनके अधिकारों की रक्षा को लेकर कई महत्वपूर्ण फैसले लिए गए.
सदस्यता शुल्क और आईकार्ड की समय-सीमा तय
बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि नए पत्रकारों को संगठन से जोड़ने के लिए वार्षिक सदस्यता शुल्क ₹400 निर्धारित किया गया है. इसके अलावा, सदस्यों का पहचान पत्र बनवाने के लिए आवेदन जमा करने की अंतिम तिथि 30 अगस्त 2026 तय की गई है.
नए सदस्यों को मिलेगा संगठन में पद
संगठन को मजबूती देने के उद्देश्य से इस बार नए और सक्रिय सदस्यों को भी संगठन में जिम्मेदारी देने का निर्णय लिया गया है. पदाधिकारियों के चयन पर अंतिम निर्णय 30 अगस्त के बाद आयोजित होने वाली आगामी बैठक में लिया जाएगा.
15 अगस्त को मुक्ति धाम परिसर में होगा वृक्षारोपण
सामाजिक सरोकारों से जुड़ते हुए एनयूजे मुजफ्फरपुर इकाई ने स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर एक विशेष पहल की घोषणा की है. 15 अगस्त को सुबह 11:30 बजे सिकंदरपुर स्थित मुक्ति धाम परिसर में पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए वृक्षारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा.
