Muzaffarpur News: मदरसा चौक से मुसहरी प्रखंड कार्यालय जाने वाली मुख्य सड़क बदहाल हो चुकी है. सड़क पर जगह-जगह बड़े-बड़े गड्ढे बन जाने से राहगीरों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है. इस मार्ग से प्रतिदिन स्कूल, कॉलेज, दफ्तर और शहर आने-जाने वाले हजारों ग्रामीण आवागमन करते हैं.
रात में बढ़ जाता है दुर्घटना का खतरा
स्थानीय लोगों का कहना है कि दिन की तुलना में रात के समय स्थिति और गंभीर हो जाती है. अंधेरे में गड्ढे दिखाई नहीं देने के कारण दोपहिया वाहन चालकों और पैदल राहगीरों के दुर्घटनाग्रस्त होने का खतरा बना रहता है. लोग जान जोखिम में डालकर इस सड़क से गुजरने को मजबूर हैं.
सड़क मरम्मत की उठी मांग
ग्रामीणों ने प्रशासन और संबंधित विभाग से जल्द सड़क की मरम्मत कराने की मांग की है. उनका कहना है कि समय रहते गड्ढों की मरम्मत नहीं कराई गई तो किसी बड़े हादसे से इनकार नहीं किया जा सकता.
