Muzaffarpur News: मुजफ्फरपुर जिले के सरैया थाना क्षेत्र अंतर्गत सुपना गांव में हुए चर्चित अर्जुन सहनी (55) हत्याकांड का पुलिस ने सनसनीखेज खुलासा कर दिया है. पुलिस तफ्तीश में सामने आया है कि पारिवारिक जमीनी विवाद और झाड़-फूंक के अंदेशे में भतीजे ने ही अपने साथियों के साथ मिलकर अपने चाचा को गोली मारकर मौत के घाट उतारा था. शनिवार को एसडीपीओ सरैया अभिजीत कौर ने अपने कार्यालय में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर इस पूरी आपराधिक वारदात की विस्तृत जानकारी दी.
14 जुलाई को चौड़ में मिला था शव
एसडीपीओ अभिजीत कौर ने बताया कि सुपना गांव निवासी अर्जुन सहनी की हत्या 13 जुलाई की देर रात कर दी गई थी. इसके बाद 14 जुलाई की सुबह गांव स्थित चौड़ से उनका शव लावारिस हालत में बरामद किया गया था. घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई थी. मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस टीम ने लगातार वैज्ञानिक और तकनीकी अनुसंधान के जरिए आरोपियों की तलाश शुरू की थी.
भतीजे ने साथियों संग मिलकर रची साजिश
पुलिस की सख्त पूछताछ के दौरान गिरफ्तार हत्यारोपित भतीजे बादल (पिता- उपेंद्र सहनी) ने अपना जुर्म कबूल कर लिया है. उसने बताया कि पूर्व से चले आ रहे ज़मीनी विवाद और झाड़-फूंक के अंदेशे को लेकर उसने इस हत्या की पूरी साजिश रची थी. 13 जुलाई की रात उसने अपने अन्य साथियों की मदद से अर्जुन सहनी को गोली मार दी जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई.
अन्य फरार आरोपियों की तलाश जारी
पूछताछ के दौरान आरोपी बादल ने घटना में शामिल अपने अन्य सहयोगियों के नामों का भी खुलासा किया है. पुलिस की विशेष टीम उन सभी आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर ताबड़तोड़ छापेमारी कर रही है. वहीं, गिरफ्तार मुख्य आरोपी बादल को शनिवार को पुलिस ने न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है.
