Earth Science Olympiad: मुजफ्फरपुर के कंपनी बाग बारी कर्बला निवासी मोहम्मद एहतेशाम रिजवी ने जिले का नाम देशभर में रोशन किया है. खरौना डीह स्थित जवाहर नवोदय विद्यालय में 12वीं साइंस के छात्र एहतेशाम का चयन 'अंतरराष्ट्रीय पृथ्वी विज्ञान ओलंपियाड 2026' के लिए भारतीय टीम में हुआ है. आगामी 20 से 27 अगस्त तक इटली के ट्यूरिन शहर में आयोजित होने वाली इस विश्व स्तरीय प्रतियोगिता में वे चार सदस्यीय भारतीय दल के रूप में भारत का प्रतिनिधित्व करेंगे. एनसीसी ग्रुप मुख्यालय ने एहतेशाम को 10 हजार रुपये इनाम देने की घोषणा की है.
बड़ौदा शिविर में कड़े टेस्ट पास कर बनाई टॉप 4 में जगह
24 जनवरी 2026 को आयोजित ओलंपियाड प्रवेश परीक्षा में देशभर के लाखों छात्रों ने भाग लिया था. इसमें से चुने गए शीर्ष 30 छात्रों को गुजरात के महाराजा सयाजीराव विश्वविद्यालय (बड़ौदा) में 20 मई से 11 जून तक तीन सप्ताह के प्रशिक्षण शिविर में भेजा गया. लिखित परीक्षा, प्रायोगिक कार्य और साक्षात्कार के कठिन चरणों को पार कर एहतेशाम ने देश के शीर्ष चार छात्रों में स्थान बनाया.
सफलता से जुड़े प्रमुख बिंदु:
- एनसीसी से मिली सीख: दिल्ली के राष्ट्रीय शिविर में न चुने जाने के बावजूद एहतेशाम ने हार नहीं मानी और एनसीसी के अनुशासन व अधिकारियों के मार्गदर्शन से कमियों को सुधारा.
- सेना में जाने का सपना: एक साधारण परिवार से ताल्लुक रखने वाले एहतेशाम भविष्य में सेना में शामिल होकर देश की सेवा करना चाहते हैं.
- क्या है ओलंपियाड: इंटरनेशनल जियोसाइंस एजुकेशन ऑर्गेनाइजेशन द्वारा आयोजित इस प्रतियोगिता में दुनिया के 40 से 45 देशों के स्कूली छात्र भाग लेते हैं.
ये भी पढ़ें: देवशयनी एकादशी पर रोसड़ा के खाटू श्याम मंदिर में उमड़ा आस्था का जनसैलाब, भव्य भजन संध्या आयोजित
