Muzaffarpur Crime: शहर के काजीमोहम्मदपुर थाना क्षेत्र से एक संवेदनशील मामला सामने आया है. एक प्रतिष्ठित स्कूल की छात्रा ने अपने ही सहपाठी पर पिछले एक साल से मानसिक रूप से प्रताड़ित करने और तस्वीरें सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकी देकर ब्लैकमेल करने का आरोप लगाया है. मामले की शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने जांच शुरू कर दी है.
एक साल तक धमकी देकर बनाता रहा दबाव
परिजनों के अनुसार, पीड़ित छात्रा और आरोपी छात्र शहर के एक प्रतिष्ठित स्कूल में एक ही कक्षा में पढ़ते हैं. आरोप है कि छात्र पिछले करीब एक साल से छात्रा पर लगातार अनुचित दबाव बना रहा था. उसकी बात नहीं मानने पर तस्वीरें सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकी दी जाती थी.
बदनामी के डर से चुप रही छात्रा
परिजनों ने बताया कि बदनामी और सामाजिक दबाव के डर से छात्रा लंबे समय तक किसी को कुछ नहीं बता सकी. लेकिन जब आरोपी की कथित हरकतें लगातार बढ़ती गईं, तब उसने हिम्मत जुटाकर पूरी बात अपने पिता और भाई को बताई.
थाने पहुंचकर परिजनों ने दर्ज कराई शिकायत
घटना की जानकारी मिलने के बाद छात्रा के पिता और भाई काजीमोहम्मदपुर थाना पहुंचे और पुलिस को लिखित शिकायत दी. शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू कर दी है.
महिला पुलिस की निगरानी में होगी काउंसलिंग
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, लगातार मानसिक प्रताड़ना के कारण छात्रा काफी डरी-सहमी हुई है. ऐसे में सबसे पहले महिला पुलिस की देखरेख में उसकी काउंसलिंग कराई जाएगी, ताकि वह सहज होकर अपना पक्ष रख सके. इसके बाद छात्रा के विस्तृत बयान और उपलब्ध तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी. पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और सभी पहलुओं की पड़ताल की जा रही है.
यह भी पढे़ं: मुजफ्फरपुर के 17 मॉडल स्कूलों का बदला पूरा स्वरूप, अब यहीं होगी NEET-JEE की तैयारी
