मुजफ्फरपुर से कुमार दीपू की रिपोर्ट
Muzaffarpur Prabhat Khabar Impact: मॉडल अस्पताल की बदहाली और प्रशासनिक संवेदनहीनता पर खबर प्रकाशित होने के बाद अस्पताल प्रबंधन तुरंत हरकत में आ गया है.प्रभात खबर मल्टीमीडिया में ‘मुजफ्फरपुर: मॉडल अस्पताल में दिव्यांग की बेबसी, खटिया पर पहुंचा मरीज और खिड़की से हुआ मुआयना’ शीर्षक से प्रमुखता से खबर दिखाई गई थी.इस खबर में एक दिव्यांग व्यक्ति की दर्दभरी तस्वीर साझा की गई थी,जो अपनी खटिया लदी जुगाड़ गाड़ी से इलाज कराने अस्पताल पहुंचा था.मगर,अस्पताल के मुख्य गेट पर उसे अंदर जाने से रोक दिया गया था.इस खबर ने मॉडल अस्पताल के दावों की पोल खोल दी थी.
हरकत में आया अस्पताल प्रबंधन
वीडियो और खबर वायरल होने के बाद अस्पताल प्रशासन ने अपनी कमियों को सुधारने के लिए त्वरित पहल शुरू की है.अब अस्पताल परिसर में आने वाले मरीजों को तत्काल व्हीलचेयर उपलब्ध कराई जा रही है,जिससे उन्हें विभिन्न वार्डों और जांच विभागों तक पहुंचने में काफी सहूलियत हो रही है.इसके साथ ही अस्पताल के सुरक्षाकर्मी और स्वास्थ्य कर्मी भी मरीजों व उनके परिजनों की मदद के लिए पहले की तुलना में अधिक सक्रिय और मुस्तैद नजर आ रहे हैं.
बुजुर्गों और दिव्यांगों को मिली बड़ी राहत
अस्पताल प्रबंधन द्वारा की गई इस त्वरित व्यवस्था से विशेष रूप से बुजुर्ग,दिव्यांग और गंभीर रूप से बीमार मरीजों को बड़ी राहत मिली है.इससे पहले अस्पताल परिसर में पहुंचने के बाद मरीजों को एक विभाग से दूसरे विभाग तक जाने के लिए स्ट्रेचर या व्हीलचेयर के लिए घंटों भटकना पड़ता था.व्हीलचेयर की नियमित व्यवस्था शुरू होने से परिजनों की कठिनाइयां काफी हद तक कम हुई हैं.प्रभात खबर द्वारा जनहित के इस गंभीर मुद्दे को उठाए जाने के बाद ही अस्पताल प्रशासन जागा है,जिसका स्थानीय लोगों और मरीजों ने स्वागत किया है.
