मुजफ्फरपुर से सुमित कुमार की रिपोर्ट
Muzaffarpur News: बिहार के मुजफ्फरपुर जिले से एक बेहद ही अनोखा और हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है. यहां शादी समारोह के दौरान जब पेट्रोल पंप कर्मियों ने डब्बे (गैलन) में डीजल देने से साफ इनकार कर दिया, तो शादी वाले घर के लोग परेशान होने के बजाय एक गजब का जुगाड़ निकाल बैठे. उन्होंने भारी-भरकम जेनरेटर को ही धक्का मारना शुरू किया और उसे सीधे पेट्रोल पंप के नोजल के पास लाकर खड़ा कर दिया. इस अनोखे दृश्य का वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है और लोग बिहार के इस ‘देसीजुगाड़’ को देखकर अपनी हंसी नहीं रोक पा रहे हैं.
गैलन में डीजल नहीं मिलने पर शादी की तैयारियों पर मंडराने लगा था संकट
मिली जानकारी के अनुसार, यह पूरी घटना मुजफ्फरपुर के अहियापुर थाना क्षेत्र स्थित एक पेट्रोल पंप की है. शहर के मिठनपुरा निवासी जोगिंदर राय के घर में उनकी बहन की शादी का भव्य समारोह चल रहा था. शादी की रस्में और तैयारियां जोरों पर थीं कि अचानक जेनरेटर का डीजल खत्म होने लगा. लाइट गुल होने और शादी का मजा किरकिरा होने के डर से परिजनों ने तुरंत एक युवक को डब्बे में डीजल लाने के लिए पास के पेट्रोल पंप पर भेजा. सुरक्षा नियमों का हवाला देते हुए पेट्रोल पंप के कर्मियों ने डब्बे में खुला ईंधन देने से मना कर दिया.
युवकों ने लगाया जोर और धक्का मारकर पेट्रोल पंप तक पहुंचा दिया जेनरेटर
पंप कर्मियों द्वारा मना किए जाने के बाद युवक खाली हाथ लौट आया. घर पर शादी की रस्में रुकने का संकट मंडराने लगा था. ऐसे में समय कम था और कोई दूसरा रास्ता नहीं सूझ रहा था. इसके बाद शादी वाले घर के चार-पांच जांबाज युवकों ने दिमाग लगाया और जेनरेटर को ही धक्का लगाना शुरू कर दिया. वे जेनरेटर को सड़क पर ढकेलते हुए सीधे पेट्रोल पंप तक ले आए.
भीड़ ने मोबाइल में कैद किया अनोखा नजारा, सोशल मीडिया पर मिल रही ढेरों प्रतिक्रियाएं
जैसे ही यह भारी-भरकम जेनरेटर पेट्रोल पंप के अंदर पहुंचा, वहां मौजूद कर्मचारी और अन्य ग्राहक हक्के-बक्के रह गए. पेट्रोल पंप पर अचानक भारी भीड़ जुट गई और लोग इस मजेदार नजारे को अपने मोबाइल कैमरों में कैद करने लगे. सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने के बाद यूजर्स इस पर मजेदार कमेंट्स कर रहे हैं. कई लोगों ने इसे ‘शादी बचाने वाला अल्टीमेट जुगाड़’ बताया है, तो वहीं कुछ लोग पेट्रोल पंप के सख्त नियमों और आम जनता की व्यावहारिक दिक्कतों पर भी चर्चा कर रहे हैं.
