Muzaffarpur News:मुजफ्फरपुर जिले के तुर्की थाना क्षेत्र में बेखौफ अपराधियों ने दिनदहाड़े छिनतई की एक बड़ी वारदात को अंजाम दिया है. भारतीय स्टेट बैंक (SBI) की तुर्की शाखा से पैसे निकालकर बाहर निकली एक महिला से बाइक सवार दो बदमाशों ने रुपयों से भरा झोला झपट लिया. घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और पीड़िता के चीखने-चिल्लाने पर स्थानीय लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई.
तुर्की हाईस्कूल के पास बदमाशों ने मारा झपट्टा
पीड़ित महिला की पहचान तुर्की बड़कुरवा निवासी तारा देवी के रूप में हुई है. उन्होंने पुलिस को बताया कि वे किसी जरूरी काम के लिए बैंक से पचास हजार रुपये की निकासी करने आई थीं. बैंक से पैसे निकालने के बाद उन्होंने रुपयों को एक झोले में सुरक्षित रख लिया और पैदल ही अपने घर के लिए रवाना हुईं. इसी बीच, जैसे ही वह तुर्की हाईस्कूल के समीप पहुंचीं, सामने से आए एक बाइक पर सवार दो बदमाशों ने उनके हाथ से रुपयों से भरा झोला जबरन झपट लिया.
तुर्की ओवरब्रिज की तरफ भागे बदमाश, सीसीटीवी खंगाल रही पुलिस
वारदात को अंजाम देने के बाद दोनों शातिर अपराधी तेजी से बाइक चलाते हुए तुर्की ओवरब्रिज की तरफ फरार हो गए. घटना की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंपमचगया. मामले की गंभीरता को देखते हुए एसडीपीओ (टू) पश्चिमी अनिमेष चन्द्र ज्ञानी तुरंत पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे. उन्होंने पीड़ित महिला से घटना की पूरी जानकारी ली और बैंक सहित आसपास के रास्तों का मुआयना किया. एसडीपीओ ने बताया कि अपराधियों की पहचान के लिए इलाके के सीसीटीवी (CCTV) फुटेज खंगाले जा रहे हैं और नाकेबंदी कर बदमाशों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी शुरू कर दी गई है.
मुजफ्फरपुर कुढ़नी से अजय कुमार
