Muzaffarpur News:मुजफ्फरपुर जिले के सकरा थाना क्षेत्र अंतर्गत मुरौल प्रखंड के मोहम्मदपुर शिवराम गांव में दो गुटों के बीच हिंसक झड़प का मामला सामने आया है. आपसी विवाद को लेकर हुई इस मारपीट में जमकर चाकूबाजी हुई, जिसमें एक ही परिवार के चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं. घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल बना हुआ है.
आपसी विवाद में चली छुरियां, बुजुर्ग सहित युवा घायल
मिली जानकारी के अनुसार, विवाद इतना बढ़ गया कि हमलावरों ने चाकू से ताबड़तोड़ वार शुरू कर दिए. घायलों में 65 वर्षीय वीरेंद्र राय, 60 वर्षीय इंदु देवी, 25 वर्षीय रंजन कुमार और 19 वर्षीय आदित्य कुमार शामिल हैं. बताया जा रहा है कि वीरेंद्र राय के गाल और सीने पर चाकू लगा है, जबकि रंजन कुमार के कंधे और आदित्य कुमार के सिर पर गहरे जख्म हैं.
प्राथमिक उपचार के बाद मेडिकल रेफर
सभी घायलों को तुरंत इलाज के लिए मुशहरी पीएचसी (PHC) लाया गया.यहाँ प्राथमिक उपचार के बाद उनकी नाजुक स्थिति को देखते हुए डॉक्टरों ने बेहतर इलाज के लिए सभी को श्री कृष्णा मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (SKMCH) रेफर कर दिया है. डॉक्टरों के अनुसार, वीरेंद्र राय की स्थिति चिंताजनक बनी हुई है.
छानबीन में जुटी पुलिस
सकरा थानाध्यक्ष कमलेश कुमार ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि आपसी विवाद में मारपीट और चाकूबाजी हुई है. पुलिस जब तक घटनास्थल पर पहुंची, तब तक घायलों को अस्पताल ले जाया जा चुका था.थानाध्यक्ष ने बताया कि समाचार लिखे जाने तक किसी भी पक्ष की ओर से लिखित आवेदन प्राप्त नहीं हुआ है. पुलिस मामले की गहनता से छानबीन कर रही है और दोषियों की पहचान में जुटी है.
