Muzaffarpur News:ऑटोमैटिक गन और पिस्टल के साथ गिरफ्तार किए गए होटल संचालक विकास सिंह की मुश्किलें लगातार बढ़ती जा रही हैं. पुलिस ने अब उसके ठिकानों पर दबिश देना शुरू कर दिया है. इसी क्रम में डीएसपी पश्चिमी अनिमेष चन्द्र ज्ञानी के नेतृत्व में तुर्की थाना पुलिस ने मधौल स्थित विकास के गैरेज पर छापेमारी कर एक लग्जरी मर्सिडीज कार और बुलेट मोटरसाइकिल जब्त की है.
गैरेज से बरामद मर्सिडीज कार
पुलिस की छापेमारी में गैरेज से बरामद मर्सिडीज कार की जब जांच की गई, तो चौंकाने वाले तथ्य सामने आए. कार पर कूट रचित (फर्जी) नंबर प्लेट लगी थी. साथ ही इसके इंजन नंबर और चेचिस नंबर के साथ भी छेड़छाड़ की गई थी. पुलिस ने इस लग्जरी कार के साथ एक बुलेट को भी जब्त कर लिया है.
हथियारों के जखीरे के साथ हुई थी गिरफ्तारी
बता दें कि मधौल निवासी विकास कुमार सिंह को पुलिस ने वाहन जांच के दौरान स्कॉर्पियो के साथ गिरफ्तार किया था. तलाशी के दौरान गाड़ी से एक एसएसबीएल (SSBL) सेमी ऑटोमैटिक गन, एक बिना नवीनीकरण वाली पिस्टल और 53 जिंदा कारतूस बरामद किए गए थे. जांच में ऑटोमैटिक गन पूरी तरह अवैध पाई गई, जबकि लाइसेंसी पिस्टल का समय पर रिन्यूअल नहीं कराया गया था.
न्यायिक हिरासत में है आरोपी
डीएसपी पश्चिमी ने बताया कि विकास सिंह को पहले ही गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जेल भेजा जा चुका है. पुलिस अब बरामद मर्सिडीज के फर्जीवाड़े और हथियारों के स्रोत को लेकर जांच तेज कर रही है. इस कार्रवाई के बाद से इलाके के अन्य संदिग्ध सफेदपोशों में हड़कंप मचा हुआ है.
मुजफ्फरपुर कुढ़नी से अजय कुमार की रिपोर्ट
