Muzaffarpur News: मोबाइल छिनतई का विरोध करने पर बदमाशों ने की फायरिंग, छात्र को लगी गोली

Muzaffarpur News:मुजफ्फरपुर के सिवाइपट्टी में मोबाइल छीनने में असफल रहने पर अपाचे सवार बदमाशों ने फायरिंग की. घटना में अग्निवीर की तैयारी कर रहा एक छात्र जख्मी हो गया है. पुलिस ने मौके से खोखा बरामद कर मामले की जांच शुरू कर दी है.पढ़ें पूरी खबर…

Muzaffarpur News: मुजफ्फरपुर जिले के सिवाइपट्टी थाना क्षेत्र में अपराधियों के हौसले बुलंद हैं. बुधवार की अहले सुबह टेंगरारी-बनघारा चौर के पास मोबाइल छिनतई में विफल रहने पर बाइक सवार बदमाशों ने फायरिंग कर दी. इस घटना में अग्निवीर की तैयारी कर रहे एक छात्र के हाथ की अंगुली में गोली लग गई. घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है.

मॉर्निंग वॉक पर निकले छात्रों को बदमाशों ने घेरा

जानकारी के अनुसार, टेंगरारी-बनघारा मार्ग पर प्रतिदिन की तरह बुधवार सुबह करीब चार बजे कुछ छात्र टहलने और अग्निवीर परीक्षा की तैयारी के लिए दौड़ने निकले थे. इसी दौरान एक ब्लैक अपाचे मोटरसाइकिल पर सवार दो नकाबपोश बदमाश वहां पहुंचे. बदमाशों ने छात्रों को रोककर उनका मोबाइल छीनने का प्रयास किया.

विरोध करने पर चलाई गोली, घटनास्थल से खोखा बरामद

जब छात्रों ने एकजुट होकर मोबाइल देने से इनकार किया और बदमाशों का विरोध किया, तो अपराधी बौखला गए. खुद को घिरता देख बदमाशों ने दहशत फैलाने के लिए दो राउंड फायरिंग कर दी. इस फायरिंग में टेंगरारी निवासी अखिलेश प्रसाद के पुत्र विपुल कुमार के हाथ की अंगुली में गोली लग गई. वारदात को अंजाम देने के बाद बदमाश हथियार लहराते हुए फरार हो गए. ग्रामीणों ने घटनास्थल से एक खोखा बरामद किया है, जिसे पुलिस को सौंप दिया गया है.

पुलिस मामले की छानबीन में जुटी

घटना की सूचना मिलते ही सिवाइपट्टी थाने की अपर थानाध्यक्ष कुमारी अदिति पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचीं और स्थिति का जायजा लिया. टेंगरारी मुखिया अभिषेक कुमार ने बताया कि छात्र नियमित रूप से इस मार्ग पर अभ्यास के लिए आते हैं. अपर थानाध्यक्ष ने कहा कि पुलिस अपराधियों की पहचान के लिए इनपुट जुटा रही है और जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा. जख्मी छात्र का प्राथमिक उपचार कराया गया है और उसकी स्थिति खतरे से बाहर बताई जा रही है.

मुजफ्फरपुर के मीनापुर से संतोष कुमार गुप्ता की रिपोर्ट

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: SUMIT KUMAR

सुमित पत्रकारिता में पिछले 4 वर्षों से सक्रिय। प्रभात खबर के प्रिंट मीडिया के साथ काम करने के बाद वर्तमान में प्रभात खबर की डिजिटल टीम से जुड़े हुए हैं। क्राइम, हाईपरलोकल, स्वास्थ्य विभाग व राजनीतिक रिपोर्टिंग में विशेष रुचि और अनुभव रखते हैं। क्षेत्रीय मुद्दों और जनसरोकार की खबरों को सशक्त तरीके से उठाने के लिए जाने जाते हैं।

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >