Muzaffarpur News:मुजफ्फरपुर जिले से एक बड़ी खबर सामने आ रही है.मड़वन प्रखंड के प्रभारी अंचलाधिकारी (CO) मुकेश कुमार पर जमीन की पैमाइश और दाखिल-खारिज (म्यूटेशन) के नाम पर रंगदारी मांगने का गंभीर आरोप लगा है. इसको लेकर करजा थाना क्षेत्र के गवंसराबंगरी गांव निवासी विनोद राय ने करजा थाने में लिखित आवेदन देकर कार्रवाई की गुहार लगाई है. इस आरोप के बाद प्रशासनिक महकमे में हड़कंपमच गया है.
जमीन पैमाइश के नाम पर सरकारी अमीन को डराने का आरोप
आवेदक विनोद राय के अनुसार, करीब दो-तीन वर्ष पूर्व उन्होंने अपनी पत्नी मीना देवी के नाम पर करजाडीह पंचायत में दो अलग-अलग खेसरा से कुल 5 डिसमिल जमीन खरीदी थी.खेसरामिलजुमले होने के कारण वे सरकारी अमीन से जमीन के मिलान और पैमाइश (मापी) कराने के लिए कई बार अंचल कार्यालय के चक्कर काट चुके हैं.पीड़ित का आरोप है कि अंचलाधिकारी ने सरकारी अमीन को डरा-धमकाकर उसकी पैमाइश रिपोर्ट को जानबूझकर रुकवा दिया.
‘पैसा नहीं दोगे, तो काम नहीं होने देंगे’, पीड़ित ने कहा- घटना CCTV में कैद
आवेदन में कहा गया है कि गुरुवार को दोपहर करीब 12 बजे जब विनोद राय कार्यालय में अपनी रिपोर्ट के सिलसिले में बात करने गए, तो अंचलाधिकारी ने उनसे कहा कि तुमने कीमती जमीन सस्ते में खरीद ली है, इसलिए काम करवाने के लिए रंगदारी का पैसा देना होगा. जब उन्होंने इसका विरोध किया, तो सीओ ने गुस्से में आकर गाली-गलौज की और उन्हें दफ्तर से बाहर निकाल दिया.पीड़ित का दावा है कि सीओ ने साफ कहा कि जब तक पैसा नहीं मिलेगा, काम नहीं होगा. विनोद राय के अनुसार, यह पूरी घटना कार्यालय में लगे सीसीटीवी (CCTV) कैमरे में कैद है.
अंचलाधिकारी ने आरोपों को बताया निराधार, कहा- जांच जारी है
दूसरी ओर, मड़वन के प्रभारी अंचलाधिकारी मुकेश कुमार ने अपने ऊपर लगे सभी आरोपों को सिरे से खारिज कर दिया है. उन्होंने कहा कि पीड़ित द्वारा लगाए गए आरोप पूरी तरह से झूठे और निराधार हैं. अंचलाधिकारी के मुताबिक, विनोद राय ने मापी के लिए आवेदन दिया था, लेकिन वे कार्यालय में आकर बेहद अव्यवहारिक और अभद्र तरीके से बातचीत कर रहे थे. सीओ ने स्पष्ट किया कि उक्त जमीन की मापी को लेकर एक महिला द्वारा पहले ही आपत्ति दर्ज कराई गई है, जिसकी विभाग द्वारा नियमसंगत जांच की जा रही है.
मड़वन मुजफ्फरपुर से संतोष कुमार कि रिपोर्ट
