Muzaffarpur News:मुजफ्फरपुर जिले के कांटी थाना क्षेत्र में एक महिला पुलिसकर्मी से हुई हैंड बैग छिनतई के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है. पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए वारदात में शामिल दो शातिर बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया है.पकड़े गए अपराधियों की पहचान अहियापुर थाना क्षेत्र के विजयी छपरा निवासी कुंदन कुमार और मुरादपुर दुल्लाह निवासी आनंद कुमार के रूप में हुई है.
पहाड़पुर ओवरब्रिज के पास कटिहार की रेल पुलिसकर्मी से हुई थी लूट
डीएसपी पश्चिमी 1 सुचित्रा ने मामले का खुलासा करते हुए बताया कि कटिहार रेल थाने में तैनात महिला पुलिसकर्मी सुषमा कुमारी का हैंड बैग बदमाशों ने कांटी के पहाड़पुर ओवरब्रिज के पास झपट्टा मारकर छीन लिया था. वारदात के समय पर्स में दो मोबाइल फोन, सोने के आभूषण, पैन कार्ड, पुलिस आईकार्ड, ड्राइविंग लाइसेंस, एटीएम कार्ड और 10 हजार रुपये नकद थे.पीड़िता की लिखित शिकायत पर कांटी थाने में प्राथमिकी दर्ज की गई थी.
एसएसपी की विशेष टीम ने दबोचा, मुख्य आरोपी का है पुराना आपराधिक इतिहास
वारदात की गंभीरता को देखते हुए मुजफ्फरपुर के एसएसपी कांतेश कुमार मिश्र ने अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए एक विशेष टीम का गठन किया था. पुलिस टीम ने मैनुअल और टेक्निकल इनपुट के आधार पर जाल बिछाकर दोनों बदमाशों को दबोच लिया. पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार कुंदन कुमार एक पेशेवर अपराधी है, जिसके खिलाफ अहियापुर थाने में लूट, छिनतई और आर्म्स एक्ट के 5 मामले पहले से दर्ज हैं. वहीं, आनंद कुमार के खिलाफ भी एक आपराधिक मामला दर्ज है.
गिरोह के अन्य सदस्यों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी
डीएसपी ने बताया कि पकड़े गए दोनों अपराधियों से सघन पूछताछ की जा रही है. उनसे मिले इनपुट और सुरागों के आधार पर इस गिरोह से जुड़े अन्य शातिर अपराधियों की पहचान कर ली गई है. उनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम लगातार विभिन्न ठिकानों पर छापेमारी (रेड) कर रही है और जल्द ही गिरोह के अन्य सदस्यों को भी जेल भेजा जाएगा.
मुजफ्फरपुर से चंदन सिंह की रिपोर्ट
