Muzaffarpur News: मुजफ्फरपुर में अतिक्रमण की जांच करने गए सीओ पर हमला, दबंगों ने गला दबाकर जान से मारने की कोशिश

Muzaffarpur News: मुजफ्फरपुर के बोचहाँ में अतिक्रमण की जांच करने पहुंचे सीओ विश्वजीत कुमार पर जानलेवा हमला हुआ है. दबंगों ने गाली-गलौज के बाद अधिकारी का गला दबाने की कोशिश की. पुलिस ने राकेश चौधरी समेत कई लोगों पर एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.पढ़ें पूरी खबर…

Muzaffarpur News: मुजफ्फरपुर जिले से सरकारी अधिकारी पर हमले की एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है. बोचहाँ थाना क्षेत्र के सरफुद्दीनपुर पंचायत स्थित विनोबा चौक पर अतिक्रमणवाद मामले की जांच करने पहुंचे अंचलाधिकारी (सीओ) विश्वजीत कुमार के साथ कुछ लोगों ने न केवल गाली-गलौज की, बल्कि उनके साथ मारपीट कर गला दबाकर जान से मारने का प्रयास भी किया.

सरकारी काम में बाधा और हिंसा का आरोप

मिली जानकारी के अनुसार, सीओ विश्वजीत कुमार अपनी टीम के साथ विनोबा चौक पर एक जमीन से जुड़े अतिक्रमण मामले का स्थल निरीक्षण करने पहुंचे थे. इसी दौरान वहां भीड़ इकट्ठा हो गई. आरोप है कि भीड़ में शामिल राकेश चौधरी, महेश चौधरी और निक्की कुमार ने अचानक अधिकारी के साथ बदसलूकी शुरू कर दी. विरोध करने पर आरोपियों ने हिंसक रुख अपना लिया और सीओ के साथ मारपीट करते हुए उनका गला दबाने की कोशिश की.

पुलिस की कार्रवाई और प्राथमिकी दर्ज

घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया. सीओ ने बोचहाँ थाने में नामजद और कई अज्ञात लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई है. प्राथमिकी में सरकारी कार्य में बाधा डालने, जान से मारने की धमकी देने, मारपीट और भीड़ को हिंसा के लिए उकसाने जैसी गंभीर धाराएं लगाई गई हैं. थानाध्यक्ष यशवंत कुमार मिश्रा ने बताया कि मामला दर्ज कर लिया गया है और पुलिस आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है.

मुजफ्फरपुर बोचहा से चंद्रभूषण कुमार रिपोर्ट

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: SUMIT KUMAR

सुमित पत्रकारिता में पिछले 4 वर्षों से सक्रिय। प्रभात खबर के प्रिंट मीडिया के साथ काम करने के बाद वर्तमान में प्रभात खबर की डिजिटल टीम से जुड़े हुए हैं। क्राइम, हाईपरलोकल, स्वास्थ्य विभाग व राजनीतिक रिपोर्टिंग में विशेष रुचि और अनुभव रखते हैं। क्षेत्रीय मुद्दों और जनसरोकार की खबरों को सशक्त तरीके से उठाने के लिए जाने जाते हैं।

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >