Muzaffarpur News: नवविवाहिता की संदिग्ध मौत, कमरे में साड़ी से गर्दन दबा मिला शव

Muzaffarpur News: मुजफ्फरपुर के बोचहां में एक साल पहले ब्याही निशा कुमारी की संदिग्ध मौत से हड़कंप मच गया है. कमरे में साड़ी से गर्दन दबा शव मिलने के बाद पुलिस हत्या और आत्महत्या, दोनों पहलुओं पर गंभीरता से जांच कर रही है.पढ़ें पूरी खबर…

Muzaffarpur News: मुजफ्फरपुर जिले के बोचहां थाना क्षेत्र से एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है. यहां एक नवविवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है. कमरे के भीतर साड़ी से गर्दन दबा हुआ शव मिलने के बाद कई तरह के सवाल खड़े हो रहे हैं. पुलिस अब इस गुत्थी को सुलझाने में जुटी है कि यह मामला आत्महत्या का है या फिर सुनियोजित हत्या

एक साल पहले हुई थी शादी

जानकारी हो कि बोचहां थाना क्षेत्र के जगाई मझौली गांव में 21 वर्षीय निशा कुमारी का शव बरामद किया गया. मृतिका जगाई मझौली गांव निवासी संतोष कुमार की पत्नी थी. बताया जा रहा है कि निशा की शादी लगभग एक वर्ष पूर्व ही हुई थी. अभी हाथों की मेहंदी का रंग पूरी तरह उतरा भी नहीं था कि इस दुखद घटना ने खुशियों को मातम में बदल दिया. घटना की जानकारी मिलते ही गांव में हड़कंपमच गया और स्थानीय लोगों की भीड़ जमा हो गई.

पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया शव

घटना की सूचना मिलते ही बोचहां थाना पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और घटनास्थल का सूक्ष्म निरीक्षण किया. पुलिस ने कमरे से शव को अपने कब्जे में लेकर कागजी कार्रवाई पूरी की और पोस्टमार्टम के लिए एसकेएमसीएच अस्पताल भेज दिया. मृतिका के मायके वाले भी सूचना मिलते ही गायघाट थाना क्षेत्र के असियाचोरनिया गांव से मौके पर पहुंचे. अपनी लाडली का शव देख परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है.

हत्या या आत्महत्या? जांच में जुटी पुलिस

पुलिस के अनुसार, निशा का शव संदिग्ध अवस्था में मिला है और उसके गले पर साड़ी का फंदा लगा था.थानाध्यक्ष यशवंत कुमार मिश्रा ने बताया कि प्रथम दृष्टया यह मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है. हालांकि, पुलिस ससुराल पक्ष के लोगों से पूछताछ कर रही है और मामले के हर संभावित पहलू की गंभीरता से जांच की जा रही है.थानाध्यक्ष ने स्पष्ट किया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा. फिलहाल पुलिस मामले की तह तक पहुंचने के लिए तकनीकी और वैज्ञानिक साक्ष्यों को भी खंगाल रही है.

मुजफ्फरपुर के बोचहां से चंद्रभूषण कुमार की रिपोर्ट

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By SUMIT KUMAR

सुमित पत्रकारिता में पिछले 4 वर्षों से सक्रिय। प्रभात खबर के प्रिंट मीडिया के साथ काम करने के बाद वर्तमान में प्रभात खबर की डिजिटल टीम से जुड़े हुए हैं। क्राइम, हाईपरलोकल, स्वास्थ्य विभाग व राजनीतिक रिपोर्टिंग में विशेष रुचि और अनुभव रखते हैं। क्षेत्रीय मुद्दों और जनसरोकार की खबरों को सशक्त तरीके से उठाने के लिए जाने जाते हैं।

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >