Muzaffarpur News: मुजफ्फरपुर जिले के रामपुरहरी थाना क्षेत्र के एक गांव में एक अनोखी प्रेम कहानी ने पूरे इलाके में चर्चा बटोर ली.चोरी-छिपे प्रेमिका से मिलने पहुंचे युवक को ग्रामीणों ने पकड़ लिया, लेकिन कुछ ही घंटों में यह विवाद प्रेम विवाह में बदल गया. पहले जहां माहौल तनावपूर्ण था, वहीं बाद में ग्रामीणों की सहमति से मंदिर में दोनों की शादी करा दी गई.जानकारी हो की एक युवक अपनी प्रेमिका से मिलने के लिए चुपके से गांव पहुंचा था. मुलाकात के दौरान ग्रामीणों की नजर दोनों पर पड़गई. इसके बाद लोगों ने युवक को गलत हरकत के आरोप में पकड़ लिया और बंधक बना लिया.
गांव में हाईवोल्टेज ड्रामा
करीब तीन घंटे तक गांव में हाईवोल्टेज ड्रामा चलता रहा. मौके पर ग्रामीणों की भारी भीड़ जुट गई और तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गईं. युवक डरा-सहमा रहा, जबकि पूरे गांव में मामला चर्चा का विषय बन गया. इसी दौरान कहानी में बड़ामोड़ तब आया जब युवती ने ग्रामीणों के सामने खुलकर बताया कि वह युवक से पिछले पांच वर्षों से प्रेम करती है. उसने यह भी साफ किया कि दोनों पहले से शादी करने का फैसला कर चुके हैं.युवती की बात सुनने के बाद ग्रामीणों का रवैया बदल गया. विरोध की जगह समर्थन ने ले ली. गांव वालों ने दोनों के रिश्ते को स्वीकार करते हुए पास के मंदिर में तत्काल शादी कराने का निर्णय लिया.आनन-फानन में मंदिर में दोनों की शादी संपन्न कराई गई. इस तरह जो मामला पहले विवाद, तनाव और सामाजिक दबाव से भरा था, वह आखिरकार प्रेम कहानी के सुखद अंत में बदल गया.
मुजफ्फरपुर से सुमित कुमार की रिपोर्ट
