मुजफ्फरपुर: चोरों ने शंभू स्थान मंदिर को बनाया निशाना, ताला काटकर लाउडस्पीकर समेत कई सामान उड़ाए

Muzaffarpur News: साइन पंचायत में चोरों ने शंभू स्थान मंदिर का ताला काटकर लाउडस्पीकर समेत कई सामान चोरी कर लिए. पिछले साल भी इलाके के कई मंदिरों में चोरियां हुई थीं, जिससे ग्रामीणों में सुरक्षा को लेकर चिंता है. पढ़ें पूरी खबर…

Muzaffarpur News: कांटी थाना अंतर्गत साइन पंचायत के मधुकर छपरा गांव में बुधवार की देर रात चोरों ने एक मंदिर को अपना निशाना बनाते हुए चोरी की बड़ी घटना को अंजाम दिया. चोरों ने शंभू स्थान मंदिर का ताला काटकर वहां रखे लाउडस्पीकर समेत कई कीमती सामानों पर हाथ साफ कर दिया. इस घटना के बाद से स्थानीय ग्रामीणों और श्रद्धालुओं में गहरी नाराजगी और चिंता है.

भोग लगाकर गए थे पुजारी, सुबह कटा मिला ताला

ग्रामीण रमेश मिश्रा, संजय सिंह, रंजय सिंह और रामचंद्र मिश्रा ने बताया कि इस मंदिर में सभी ग्रामीण मिलकर सुबह-शाम पूजा-अर्चना करते हैं और रात को भगवान का भोग लगाते हैं. प्रतिदिन की भांति बुधवार की देर रात भी पुजारी भगवान की पूजा और भोग लगाने के बाद मंदिर के कपाट बंद कर ताला लगाकर घर चले गए थे. देर रात चोरों ने मौका पाकर मंदिर का ताला काट दिया और अंदर रखा सारा सामान समेट ले गए. सुबह उधर से गुजरने वाले ग्रामीणों ने जब ताला कटा देखा, तो शोर मचाकर अन्य लोगों को इकट्ठा किया.

पिछले साल भी कई मंदिरों में हो चुकी है चोरी

विदित हो कि इलाके में मंदिरों को निशाना बनाने का यह कोई पहला मामला नहीं है. पिछले साल भी चोरों ने कई धार्मिक स्थलों को निशाना बनाया था. चोरों ने छपरा स्थित काली मंदिर से इनवर्टर, बैटरी, साउंड सिस्टम और दान पेटी से नकदी समेत कई कीमती सामान चुराए थे. इसके बाद मधुवन स्थित हनुमान मंदिर से लाउडस्पीकर, सोलर लाइट की बैटरी और यहां तक कि चापाकल भी उखाड़कर ले गए थे. लगातार हो रही इन घटनाओं से ग्रामीण डरे हुए हैं.

मौके पर पहुंची डायल 112 की टीम, थानाध्यक्ष बोले- जल्द पकड़े जाएंगे चोर

घटना की जानकारी मिलते ही ग्रामीणों ने स्थानीय पुलिस को सूचित किया. सूचना मिलते ही डायल-112 की टीम मौके पर पहुंची और छानबीन में जुट गई. पुलिस ने घटनास्थल से तस्वीरें और अन्य जरूरी साक्ष्य एकत्र किए हैं. मामले को लेकर थानाध्यक्ष रविकांत पाठक ने बताया कि मंदिर में चोरी की जानकारी मिली है और पुलिस हर पहलू की जांच कर रही है. लिखित आवेदन मिलते ही मामला दर्ज कर चोरों को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा.

मुजफ्फरपुर के कांटी से मनोज मिश्रा की रिपोर्ट

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

सुनील कुमार सिंह प्रभात खबर मल्टीमीडिया में डिप्टी चीफ रिपोर्टर के रूप में कार्यरत हैं। उन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में 20 वर्षों का समृद्ध अनुभव है। क्राइम और राजनीति से जुड़ी खबरों पर उनकी मजबूत पकड़ है। वे निष्पक्ष रिपोर्टिंग और गहन विश्लेषण के लिए जाने जाते हैं, जिससे पाठकों को सटीक और भरोसेमंद जानकारी मिलती है।

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >