Muzaffarpur News: मुजफ्फरपुर जिले के तुर्की थाना क्षेत्र अंतर्गत सकरी सरैया स्थित हाईवे पर बड़े ट्रकों की अवैध पार्किंग स्थानीय लोगों और राहगीरों के लिए गंभीर खतरा बन गई है. पिछले कई महीनों से हाईवे किनारे दर्जनों ट्रक खड़े किए जा रहे हैं, जिससे सड़क सुरक्षा प्रभावित हो रही है.
वेयरहाउस संचालन से बढ़ा ट्रकों का दबाव
मुखिया बेबी कुमारी और मुखिया प्रतिनिधि श्रीकांत प्रसाद ने बताया कि हाईवे से सटे एक निजी कंपनी के वेयरहाउस में दूसरे राज्यों से बड़े ट्रकों द्वारा सामान लाया जाता है. सुबह से रात तक ट्रकों की आवाजाही जारी रहती है. जगह की कमी के कारण ट्रकों को हाईवे पर ही आगे-पीछे किया जाता है, जिससे जाम और दुर्घटनाओं की स्थिति बनती रहती है.
प्रशासन से कार्रवाई की मांग
स्थानीय पंचायत प्रतिनिधियों ने इस अव्यवस्था को जनहित के लिए खतरनाक बताते हुए डीएसपी (पश्चिमी) 2 अनिमेष चन्द्र ज्ञानी को लिखित आवेदन सौंपा है. आवेदन में अवैध पार्किंग पर रोक लगाने और जांच कर उचित कार्रवाई की मांग की गई है. ग्रामीणों का कहना है कि समय रहते कार्रवाई नहीं हुई तो बड़ा हादसा हो सकता है.
मुजफ्फरपुर कुढ़नी से अजय कुमार की रिपोर्ट
