मुजफ्फरपुर: सदर अस्पताल में अल्ट्रासाउंड मशीन खराब, जांच न होने पर प्रसूताओं ने किया जोरदार हंगामा

Muzaffarpur News: सदर अस्पताल के एमसीएच में सोमवार को अल्ट्रासाउंड मशीन खराब होने से प्रसूताओं की जांच ठप हो गई.भीषण गर्मी में बिना जांच लौटे नाराज मरीजों और उनके परिजनों ने अस्पताल परिसर में जमकर हंगामा किया. जानिए पूरी खबर…

मुजफ्फरपुर से कुमार दीपू की रिपोर्ट

Muzaffarpur News: सदर अस्पताल स्थित एमसीएच (MCH) विंग में अल्ट्रासाउंड मशीन अचानक खराब हो जाने के कारण प्रसूताओं की जांच पूरी तरह प्रभावित हो गई.ससमय जांच न होने और अस्पताल प्रबंधन की लापरवाही से नाराज मरीजों और उनके परिजनों ने अस्पताल परिसर में जमकर हंगामा किया और अपनी नाराजगी जताई. अस्पताल में मशीनों के खराब होने पर आये दिन हंगामा होते देखा जाता है. 

मशीन खराब होने से जांच ठप 

अल्ट्रासाउंड केंद्र के बाहर सुबह से ही बड़ी संख्या में गर्भवती महिलाएं अपनी बारी के लिए कतार में खड़ी थीं.करीब 10 बजे स्वास्थ्य कर्मियों द्वारा उन्हें बताया गया कि तकनीकी खराबी के कारण आज अल्ट्रासाउंड नहीं हो सकेगा, जिसके बाद मरीजों का गुस्सा फूट पड़ा.

निजी सेंटरों की महंगी फीस का डर 

भीषण गर्मी के बीच सुदूर ग्रामीण इलाकों से आई महिलाओं को इस अव्यवस्था के कारण भारी मानसिक और शारीरिक परेशानी झेलनी पड़ी.मुशहरी प्रखंड से आई प्रसूता कंचन कुमारी ने बताया कि डॉक्टर ने उन्हें सोमवार को ही हर हाल में अल्ट्रासाउंड कराने की सलाह दी थी, लेकिन यहां पहुंचने पर मशीन खराब मिली.उन्होंने दर्द बयां करते हुए कहा कि बाहर निजी सेंटरों पर जांच कराने में भारी-भरकम खर्च आता है, जिसे वहन करना गरीब परिवारों के लिए संभव नहीं है.

सुबह से कतार में लगती हैं महिलाएं 

सदर अस्पताल में अल्ट्रासाउंड जांच कराने के लिये महिलाएं सुबह से ही लाइन में लग जाती है. इस भीषण गर्मी में लाइन में लगी महिला को जब मशीन खराब होने की जानकारी मिलती है तो वे आगबबूला हो जाती है.  चंदवारा की रहने वाली उर्मिला देवी ने बताया कि वह सुबह आठ बजे से ही भूखे-प्यासे जांच के लिए अस्पताल में बैठी थीं.काफी देर इंतजार कराने के बाद प्रबंधन ने मशीन खराब होने की सूचना देकर उन्हें निराश होकर लौटने पर मजबूर कर दिया.परिजनों का आरोप है कि अस्पताल प्रशासन वैकल्पिक व्यवस्था करने में पूरी तरह नाकाम रहा, जिससे इस भीषण तपिश में प्रसूताओं को अनावश्यक रूप से परेशान होना पड़ा.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

सुनील कुमार सिंह प्रभात खबर मल्टीमीडिया में डिप्टी चीफ रिपोर्टर के रूप में कार्यरत हैं। उन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में 20 वर्षों का समृद्ध अनुभव है। क्राइम और राजनीति से जुड़ी खबरों पर उनकी मजबूत पकड़ है। वे निष्पक्ष रिपोर्टिंग और गहन विश्लेषण के लिए जाने जाते हैं, जिससे पाठकों को सटीक और भरोसेमंद जानकारी मिलती है।

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >