मुजफ्फरपुर :आरबीएसके टीम की बड़ी लापरवाही, अब हर शनिवार होगी समीक्षा

Muzaffarpur News: बिहार में राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम की चलंत टीमों द्वारा फॉलोअप न करने का खुलासा हुआ है. अब एसीएमओ इसकी सीधी निगरानी करेंगे और एनीमिया पीड़ित बच्चों का डेटा यू-विन पोर्टल पर अपलोड होगा. पढ़ें पूरी खबर…

Muzaffarpur News: राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम (RBSK) के तहत बच्चों के स्वास्थ्य के साथ खिलवाड़ और बड़ी लापरवाही का मामला सामने आया है. स्वास्थ्य विभाग की उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक में यह खुलासा हुआ है कि कार्यक्रम की चलंत (मोबाइल) मेडिकल टीमें बीमार बच्चों का जरूरी फॉलोअप नहीं कर रही हैं. इसके साथ ही टीमों द्वारा ग्रामीण और शहरी इलाकों में की जा रही बच्चों की स्वास्थ्य जांच की संख्या में भी भारी कमी दर्ज की गई है. इस गंभीर लापरवाही को देखते हुए विभाग ने अब सभी जिलों के अपर मुख्य चिकित्सा पदाधिकारी (ACMO) को इसकी सीधी निगरानी का जिम्मा सौंपा है.

अब हर शनिवार को होगी रिपोर्टिंग और समीक्षा

चलंत टीमों की मनमानी पर लगाम लगाने के लिए स्वास्थ्य विभाग ने नई व्यवस्था लागू की है. अब से हर सप्ताह शनिवार को राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम के कामकाज की विस्तृत और गहन समीक्षा की जाएगी. इसके बाद एक प्रगति रिपोर्ट तैयार कर मुख्यालय भेजी जाएगी, ताकि इस योजना की जमीनी हकीकत का सही पता चल सके और दोषी कर्मचारियों पर कार्रवाई की जा सके.

यू-विन पोर्टल पर अपलोड होगा एनीमिया ग्रस्त बच्चों का डेटा

बच्चों में खून की कमी (एनीमिया) की पहचान और उनके समय पर इलाज को रफ्तार देने के लिए विभाग ने डिजिटल तकनीक का सहारा लिया है. नई गाइडलाइन के तहत कार्यक्रम से जुड़ी सभी एएनएम (ANM) के लिए अब एनीमिया पीड़ित बच्चों का पूरा डेटा ‘यू-विन’ पोर्टल पर अनिवार्य रूप से दर्ज करना होगा. पोर्टल पर एंट्री होते ही कार्यक्रम के आयुष चिकित्सक इन बच्चों की सेहत और चल रहे इलाज की कड़ाई से मॉनिटरिंग करेंगे. इसके अलावा, जिला प्रारंभिक हस्तक्षेप केंद्रों पर मरीजों की कम संख्या मिलने पर विभाग ने सख्त नाराजगी जताई है और इसमें तुरंत सुधार करने के निर्देश दिए हैं.

मुजफ्फरपुर से कुमार दीपू की रिपोर्ट

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

सुनील कुमार सिंह प्रभात खबर मल्टीमीडिया में डिप्टी चीफ रिपोर्टर के रूप में कार्यरत हैं। उन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में 20 वर्षों का समृद्ध अनुभव है। क्राइम और राजनीति से जुड़ी खबरों पर उनकी मजबूत पकड़ है। वे निष्पक्ष रिपोर्टिंग और गहन विश्लेषण के लिए जाने जाते हैं, जिससे पाठकों को सटीक और भरोसेमंद जानकारी मिलती है।

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >