Muzaffarpur News: जिले के कच्ची पक्की ओपी अंतर्गत पुरुषोत्तमपुर गांव में पंचायत के दौरान मानवता को शर्मसार करने वाली घटना सामने आई है. एक महिला ने गांव के ही दबंगों पर पंचायत के बीच में ही जानलेवा हमला करने, उसके और उसकी बेटी के कपड़े फाड़ने तथा दुर्व्यवहार करने का गंभीर आरोप लगाया है. इस घटना के बाद से गांव में तनाव का माहौल है.
पंचायत के बीच दबंगों का तांडव
पीड़िता के अनुसार, घर के पास ही किसी मामले को लेकर पंचायत चल रही थी. इसी दौरान गांव के कुछ दबंगों ने एकजुट होकर अचानक गाली-गलौज शुरू कर दी. जब महिला और उसके परिवार ने इसका विरोध किया, तो आरोपियों ने आपा खो दिया और हिंसक हो गए.
लोहे की रॉड और लाठी-डंडों से हमला
आरोप है कि हमलावरों ने लाठी, डंडा और लोहे की रॉड से पीड़िता, उसके पति और उसकी बेटी पर हमला कर दिया. इस मारपीट में पीड़िता के सिर और छाती पर गंभीर चोटें आई हैं. बीच-बचाव करने आए उसके पति और बेटी को भी शरीर के कई हिस्सों में चोट लगी है. घटना के दौरान शोर मचने पर स्थानीय ग्रामीणों ने हस्तक्षेप किया, जिसके बाद हमलावर वहां से फरार हो गए.
पुलिस ने दर्ज किया केस, जांच शुरू
ग्रामीणों की मदद से सभी घायलों को इलाज के लिए कुढ़नी पीएचसी में भर्ती कराया गया है. मामले की गंभीरता को देखते हुए सदर थाना (कच्ची पक्की ओपी) में नामजद प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है. पुलिस का कहना है कि आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है और दोषियों को जल्द ही कानून के शिकंजे में लिया जाएगा.
मुजफ्फरपुर से प्रेमांशु शेखर की रिपोर्ट
