मुजफ्फरपुर से कुमार दीपू की रिपोर्ट
Muzaffarpur News: जिले के डाकघरों में पैसे निकालने और अन्य कार्यों के लिए आने वाले उपभोक्ताओं को इन दिनों आधार सत्यापन में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है.कई ग्राहकों के उंगलियों के निशान (फिंगरप्रिंट) मैच नहीं होने के कारण उनका आधार वेरिफिकेशन नहीं हो पा रहा है,जिससे उन्हें अपनी ही जमा राशि निकालने में काफी परेशानी हो रही है.यही नहीं,अपनी पेंशन जारी रखने के लिए जीवन प्रमाण पत्र बनवाने आ रहे बुजुर्ग पेंशनरों को भी इसी फिंगरप्रिंट मिसमैच की समस्या से जूझना पड़ रहा है.
डाक विभाग की अनूठी पहल, घर बैठे मिलेगी बड़ी सुविधा
ग्राहकों और खासकर बुजुर्गों की इस गंभीर समस्या को देखते हुए डाक विभाग ने एक राहत भरी सुविधा की शुरुआत की है.अब ग्राहकों और पेंशनरों को परेशान होकर डाकघर के चक्कर नहीं काटने पड़ेंगे.डाक विभाग द्वारा शुरू की गई इस नई सेवा के तहत मात्र 70 रुपये का शुल्क देकर पोस्टमैन को घर पर बुलाया जा सकता है.पोस्टमैन घर आकर आधार सुधार और जीवन प्रमाण पत्र बनाने का काम करेंगे.यह सेवा विशेष रूप से उन बुजुर्ग और बीमार पेंशनरों के लिए वरदान साबित होगी,जिन्हें चलने-फिरने में असमर्थता होती थी.
जानिए कैसे बनेगा घर बैठे डिजिटल जीवन प्रमाण पत्र
इस सुविधा का लाभ उठाने के लिए पेंशनरों को सबसे पहले अपने नजदीकी डाकघर में संपर्क करके होम सर्विस के लिए आवेदन करना होगा.आवेदन के बाद डाकिया बायोमेट्रिक डिवाइस के साथ सीधे पेंशनर के घर पहुंचेंगे.प्रमाण पत्र बनवाने के लिए पेंशनर को अपनी जरूरी व्यक्तिगत जानकारी,पीपीओ नंबर और बैंक खाता संख्या देनी होगी.इसके बाद पोस्टमैन मशीन पर पेंशनर का अंगूठा लगवाकर बायोमेट्रिक सत्यापन पूरा करेंगे.प्रक्रिया पूरी होते ही डिजिटल जीवन प्रमाण पत्र तैयार हो जाएगा और कंफर्मेशन मैसेज मोबाइल पर आ जाएगा.
