मुजफ्फरपुर से प्रभात कुमार की रिपोर्ट
Muzaffarpur News: राज्य निर्वाचन आयोग ने पंचायत चुनाव की तैयारियों को आगे बढ़ाते हुए जिले में प्रपत्र-1 का अंतिम प्रकाशन कर दिया है. इसके साथ ही पंचायत चुनाव की प्रक्रिया औपचारिक रूप से अगले चरण में पहुंच गई है. पंचायतवार जनसंख्या के अंतिम आंकड़ों के आधार पर अब विभिन्न पदों के आरक्षण का निर्धारण किया जाएगा.
पंचायतवार जनसंख्या के आधार पर बनेगा आरक्षण रोस्टर
प्रपत्र-1 में प्रकाशित अंतिम जनसंख्या आंकड़ों के आधार पर मुखिया, सरपंच, पंचायत समिति सदस्य, वार्ड सदस्य और जिला परिषद सदस्य समेत सभी पदों का आरक्षण रोस्टर तैयार किया जाएगा.
दावा-आपत्ति के बाद जारी हुई अंतिम सूची
राज्य निर्वाचन आयोग ने दावा-आपत्ति के निपटारे के बाद अंतिम सूची प्रकाशित करने का निर्देश दिया था. आयोग के अनुसार प्रपत्र-1 में किसी भी संशोधन अथवा आरक्षण निर्धारण की प्रक्रिया सक्षम अधिकारियों की अनुशंसा और अनुमोदन के बाद ही पूरी की जाएगी.
समयबद्ध तरीके से पोर्टल पर अपलोड होगी सूची
आयोग ने जिला निर्वाचन पदाधिकारी (पंचायत) को निर्देश दिया है कि सभी प्रक्रियाओं को समयबद्ध तरीके से पूरा कर अंतिम सूची आयोग के पोर्टल पर अपलोड की जाए. इसके बाद आरक्षण रोस्टर जारी करने की कार्रवाई शुरू होगी.
चुनाव कार्यक्रम घोषित होने की बढ़ी संभावना
निर्वाचन विभाग के अधिकारियों के अनुसार पंचायतवार जनसंख्या के अंतिम आंकड़े प्रकाशित होने के बाद अब आरक्षण निर्धारण का रास्ता साफ हो गया है. इसके बाद पंचायत चुनाव कार्यक्रम घोषित होने की संभावना भी बढ़ गई है.
