मुजफ्फरपुर से देवेश कुमार की रिपोर्ट
Muzaffarpur News: नगर निगम का सबसे बड़ा फैसला मुजफ्फरपुर नगर निगम के इतिहास में सोमवार को विकास कार्यों को लेकर एक ऐतिहासिक निर्णय लिया गया.नवनिर्वाचित सदस्यों की पहली सशक्त स्थायी समिति की बैठक में करीब 70 से 75 करोड़ रुपये की लागत वाली 150 से अधिक सड़क और नाला निर्माण योजनाओं को एक साथ मंजूरी दे दी गई. महापौर निर्मला साहू की अध्यक्षता एवं उपमहापौर डॉ मोनालिसा की उपस्थिति में हुई यह बैठक करीब ढाई घंटे चली.बैठक में समिति के सभी सदस्यों ने नगर आयुक्त को स्वीकृत योजनाओं का प्राक्कलन (एस्टीमेट) तैयार कर शीघ्र टेंडर जारी करने के लिए अधिकृत कर दिया है.
18 जून से जगमगाएगा शहर, आवारा कुत्तों पर लगेगा लगाम
शहर की मुख्य सड़कों और गलियों को रोशन करने के लिए 18 जून से 6,000 नई एलईडी स्ट्रीट लाइटें लगाने का महाअभियान शुरू होगा.इसके अलावा आवारा कुत्तों की बढ़ती संख्या पर नियंत्रण के लिए 1.42 करोड़ रुपये की लागत से ‘एनीमल बर्थ कंट्रोल’ (ABC) सेंटर स्थापित किया जाएगा.इसके लिए लकड़ीढाई अथवा रौतनिया क्षेत्र में जमीन चयन की प्रक्रिया चल रही है.
सफाई, पानी और शौचालय पर विशेष जोर
बैठक में लिए गए फैसलों के अनुसार सभी वार्डों में समान रूप से 22-22 सफाईकर्मियों की तैनाती की जाएगी.श्रावणी मेला की तैयारियों को समय पर पूरा करने और क्षतिग्रस्त नाला स्लैब की मरम्मत के निर्देश दिए गए हैं.इसके साथ ही वार्ड 21 स्थित ब्राह्मण टोली और निगम कार्यालय परिसर में एक महीने के भीतर महिलाओं के लिए शौचालय चालू करने का लक्ष्य है.जलापूर्ति दुरुस्त करने के लिए 30 एचपी क्षमता वाले दो सबमर्सिबल मोटर खरीदे जाएंगे तथा वार्ड 23 में 500 मीटर नई पाइपलाइन बिछाई जाएगी.
प्रशासनिक कार्यों का होगा डिजिटलाइजेशन
प्रशासनिक कार्यों में तेजी लाने के लिए दो नए स्टेनोग्राफरों की बहाली को हरी झंडी दी गई है.निगम के पुराने अभिलेखों का पूरी तरह डिजिटलाइजेशन कराया जाएगा तथा कर्मचारियों की बायोमेट्रिक उपस्थिति व्यवस्था के लिए नई एजेंसी का चयन होगा.
