Muzaffarpur News: बिहार पुलिस की विशेष कार्य बल (STF) ने एक बड़ी सफलता हासिल करते हुए मुजफ्फरपुर जिले के टॉप-10 वांछित अपराधियों की सूची में शामिल नागेंद्र सहनी को धर दबोचा है. एसटीएफ की विशेष टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर कांटी थाना क्षेत्र में घेराबंदी कर इस कुख्यात अपराधी को गिरफ्तार किया. नागेंद्र सहनी लंबे समय से पुलिस की आंखों में धूल झोंक रहा था.
डकैती और हत्या के प्रयास जैसे कई मामले हैं दर्ज
गिरफ्तार अपराधी नागेंद्र सहनी मूल रूप से कांटी थाना क्षेत्र के कांटी कोठिया गांव का निवासी है. उसके पिता का नाम दिवंगत रामबली सहनी है. पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक, नागेंद्र पर मुजफ्फरपुर के विभिन्न थानों में डकैती, हत्या का प्रयास और आर्म्स एक्ट जैसे गंभीर संगीन मामले दर्ज हैं. वह विशेष रूप से मीनापुर थाना कांड संख्या 543/17 में मुख्य आरोपी के तौर पर वांछित था.
छापेमारी में मोबाइल बरामद, पूछताछ जारी
एसटीएफ को सूचना मिली थी कि नागेंद्र कांटी क्षेत्र में छिपा हुआ है. 13 मई को की गई इस त्वरित कार्रवाई में पुलिस ने उसे सफलतापूर्वक दबोच लिया. गिरफ्तारी के दौरान उसके पास से एक मोबाइल फोन बरामद हुआ है. फिलहाल, पुलिस और एसटीएफ की टीम उससे कड़ाई से पूछताछ कर रही है ताकि उसके अन्य साथियों और आपराधिक नेटवर्क का खुलासा किया जा सके. मुजफ्फरपुर पुलिस के लिए यह गिरफ्तारी बड़ी राहत मानी जा रही है.
मुजफ्फरपुर से प्रेमांशु शेखर की रिपोर्ट
