मुजफ्फरपुर से सुमित कुमार की रिपोर्ट
Muzaffarpur News: मुजफ्फरपुर जिला के अहियापुर थाना क्षेत्र के सहबाजपुर में हुई एक सड़क दुर्घटना के बाद सनसनीखेज मामला सामने आया है. हादसे में घायल एक युवक की निजी अस्पताल में मौत हो गई, जिसके बाद अस्पताल के बिचौलिए उसके शव को लावारिस हालत में एसकेएमसीएच(SKMCH) के इमरजेंसी वार्ड में छोड़कर फरार हो गए. सरकारी अस्पताल के स्ट्रेचर पर अज्ञात शव मिलने की सूचना से पूरे परिसर में हड़कंपमच गया. सूचना मिलते ही एसकेएमसीएच ओपी पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है. फरार बिचौलियों की पहचान के लिए पुलिस अस्पताल के अंदर और बाहर लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है.
बाइक सवार तीन युवक हुए थे दुर्घटना के शिकार
बताया जा रहा है कि सोमवार को सहबाजपुर में एक तेज रफ्तार बाइक के दुर्घटनाग्रस्त होने से उस पर सवार तीन युवक गंभीर रूप से जख्मी हो गए थे. स्थानीय लोगों की सूचना पर डायल-112 की टीम मौके पर पहुंची और सभी घायलों को इलाज के लिए भीखनपुर (सीतामढ़ी रोड) स्थित नोबेल अस्पताल में भर्ती कराया. निजी अस्पताल पहुंचते ही डॉक्टरों ने एक युवक को मृत घोषित कर दिया, जिसके बाद बिचौलियों ने शव को ठिकाने लगाने के लिए उसे चुपके से एसकेएमसीएच के इमरजेंसी वार्ड में डाल दिया और रफूचक्कर हो गए.
परिजनों ने लगाया हत्या का आरोप, सीसीटीवी की मांग
मंगलवार की सुबह जब एसकेएमसीएच के स्वास्थ्य कर्मियों ने स्ट्रेचर पर लावारिस शव देखा, तो पुलिस को सूचित किया. मृतक की पहचान सीतामढ़ी जिले के रून्नीसैदपुर थाना क्षेत्र के माधोपुर सारनाथ निवासी शिवशंकर राय के 22 वर्षीय पुत्र मोहित कुमार के रूप में हुई है. मृतक के रिश्तेदार राजू कुमार और प्रियंका ने इस मामले में गंभीर आरोप लगाए हैं. परिजनों का कहना है कि उन्हें मोहित के नोबेल अस्पताल में भर्ती होने की सूचना मिली थी, लेकिन वहां जाने पर पता चला कि उसे एसकेएमसीएच भेज दिया गया है. परिजनों ने आशंका जताई है कि मोहित की हत्या कर दुर्घटना का रूप दिया गया है और साक्ष्य छुपाने के लिए शव को लावारिस छोड़ागया. उन्होंने पुलिस से सीसीटीवी फुटेज खंगालकर सच्चाई सामने लाने की मांग की है. इस बीच, हादसे में घायल अथरी के एक अन्य युवक की भी दोपहर में मौत होने की खबर है.
पुलिस ने दर्ज किया बयान, जांच में जुटा प्रशासन
दूसरी ओर, अस्पताल के संचालक का कहना है कि रात में उनके यहाँ जो मरीज आए थे, वे आईसीयू में इलाजरत हैं और उन्हें बाकी बातों की विस्तृत जानकारी नहीं है.एसकेएमसीएच ओपी पुलिस ने बताया कि मृतक के परिजनों ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ तेज रफ्तार और लापरवाही से गाड़ी चलाने का मामला दर्ज कराया है. पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर उसे अंतिम संस्कार के लिए परिजनों को सौंप दिया है. दर्ज बयान की एक कॉपी अहियापुर थाने को आगे की कानूनी कार्रवाई और अनुसंधान के लिए भेज दी गई है. पुलिस हर पहलू को ध्यान में रखकर मामले की तहकीकात कर रही है.
दोस्तों ने साजिश के तहत बुलाकर मारा, परिजनों का आरोप
मृतक के साढ़ू (रिश्तेदार) राजू कुमार और प्रियंका ने इस मामले में गंभीर आरोप लगाए हैं. मृतक के साढ़ू का सीधा आरोप है कि मोहित के दोस्तों ने ही उसे एक साजिश के तहत फोन करके बुलाया और फिर उसकी हत्या कर दी. इसके बाद मामले को रफा-दफा करने के लिए इसे दुर्घटना का रूप दे दिया गया और साक्ष्य छुपाने के लिए शव को लावारिस हालत में अस्पताल में छोड़ दिया गया. परिजनों ने पुलिस से सीसीटीवी फुटेज खंगालकर इस साजिश का पर्दाफाश करने की मांग की है
