Muzaffarpur News: मां के श्राद्ध में गांव गया था परिवार, ताला तोड़ चोर ने 1.60 लाख नगद और जेवर किया पार

Muzaffarpur News: सदर थाना क्षेत्र में मां के श्राद्ध में गांव गए किराएदार के बंद घर से चोरों ने लाखों की संपत्ति चोरी कर ली. चोरों ने गोदरेज का लॉकर तोड़कर करीब 26 ग्राम सोने के जेवर और 1.60 लाख रुपये नकद उड़ा लिए. पढ़ें पूरी खबर…

Muzaffarpur News: सदर थाना क्षेत्र के खबरा परती टोला में चोरों ने एक बंद घर को निशाना बनाते हुए लाखों की संपत्ति पर हाथ साफ कर दिया. पीड़ित किराएदार अपनी मां के निधन के बाद श्राद्ध कर्म के लिए पैतृक गांव गया हुआ था, जिसका फायदा उठाकर अज्ञात चोरों ने इस बड़ी वारदात को अंजाम दिया. घर का ताला तोड़कर घुसे चोरों ने न केवल कीमती जेवर बल्कि भारी मात्रा में नकदी भी उड़ा ली.

मां के निधन के बाद गांव गया था परिवार

पीड़ित सोनू कुमार मूल रूप से वैशाली जिले के पातेपुर के रहने वाले हैं और वर्तमान में खबरा में दिलीप कुमार के मकान में किराए पर रहते हैं. सोनू ने बताया कि मां के स्वर्गवास के कारण वे पूरे परिवार के साथ गांव गए हुए थे. इसी बीच चोरों ने उनके कमरे का ताला तोड़ दिया. घटना की जानकारी उन्हें सुबह मकान मालिक के फोन द्वारा मिली. जब पीड़ित वापस लौटा, तो घर का मंजर देखकर दंग रह गया.

गोदरेज का लॉकर तोड़कर लाखों की चोरी

चोरों ने घर के भीतर रखे गोदरेज के लॉकर को तोड़कर बड़ी चोरी को अंजाम दिया. पीड़ित के अनुसार, अलमारी से सोने का हार, झुमका, अंगूठी और टीका समेत करीब 26 ग्राम सोने के जेवर गायब हैं. इसके साथ ही लॉकर में रखे 1,60,000 रुपये नकद और घर के कई अन्य कीमती सामान भी चोर ले उड़े. चोरी गई कुल संपत्ति की कीमत लाखों में बताई जा रही है.

पुलिस जांच में जुटी, स्थानीय लोगों में डर

सदर थाना पुलिस ने पीड़ित के आवेदन पर मामला दर्ज कर लिया है. जांच की जिम्मेदारी एसआई संजय कुमार को सौंपी गई है. पुलिस का कहना है कि संदिग्धों की शिनाख्त के लिए आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं और जल्द ही मामले का खुलासा किया जाएगा. हालांकि, क्षेत्र में लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से स्थानीय निवासियों में असुरक्षा का माहौल है.

मुजफ्फरपुर से प्रेमांशु शेखर की रिपोर्ट

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By सुनील कुमार सिंह

सुनील कुमार सिंह प्रभात खबर मल्टीमीडिया में डिप्टी चीफ रिपोर्टर के रूप में कार्यरत हैं। उन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में 20 वर्षों का समृद्ध अनुभव है। क्राइम और राजनीति से जुड़ी खबरों पर उनकी मजबूत पकड़ है। वे निष्पक्ष रिपोर्टिंग और गहन विश्लेषण के लिए जाने जाते हैं, जिससे पाठकों को सटीक और भरोसेमंद जानकारी मिलती है।

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >