Muzaffarpur News: कच्ची-पक्की ओपी क्षेत्र के माधोपुर रामदेव बाबू चौक के समीप सोमवार रात अपराधियों ने एक ज्वेलरी कारोबारी की गोली मारकर हत्या कर दी. मृतक की पहचान माधोपुर सुस्ता निवासी 50 वर्षीय दीपक कुमार के रूप में हुई है. वह कच्ची-पक्की और माधोपुर सुस्ता चौक पर आभूषण की दुकान चलाते थे. घटना उस समय हुई जब वह दुकान बंद कर घर लौट रहे थे.
बाइक सवार दो बदमाशों ने लूट की कोशिश
पहले से घात लगाए अपाचे बाइक पर सवार दो नकाबपोश बदमाशों ने उन्हें घेर लिया. बदमाशों ने उनके हाथ से आभूषण और नकदी से भरा झोला छीनने की कोशिश की. विरोध करने और शोर मचाने पर अपराधियों ने ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी. गोली उनके सीने और पेट में लगी, जिससे वह मौके पर ही गिर पड़े. गोली चलने की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे.
झोला छीनने का विरोध करने पर मारी गोली
जानकारी के अनुसार दीपक कुमार रोज की तरह दुकान बंद कर घर जा रहे थे. घर के पास पहुंचते ही अपाचे बाइक पर सवार दो नकाबपोश अपराधियों ने उन्हें घेर लिया और आभूषणों व नकदी से भरा झोला छीनने का प्रयास किया. विरोध करने पर अपराधियों ने उनके सीने और पेट में दो गोलियां मार दीं. गोली लगते ही वह सड़क पर गिर पड़े, जबकि बदमाश हथियार लहराते हुए मौके से फरार हो गए.
अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने मृत घोषित किया
गोली चलने की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और गंभीर रूप से घायल कारोबारी को बैरिया स्थित मां जानकी हॉस्पिटल ले गए. हालांकि अत्यधिक खून बह जाने के कारण अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया. घटना की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया.
लूटे गए जेवर और नकदी का आकलन जारी
परिजनों के अनुसार दुकान की क्लोजिंग के बाद कीमती आभूषण और नकदी झोले में रखी थी, जिसे अपराधी लेकर फरार हो गए. हालांकि लूटे गए सामान की कुल कीमत का आकलन अभी नहीं हो सका है.
सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस
घटना की सूचना मिलते ही सिटी एसपी, डीएसपी समेत पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी अस्पताल पहुंचे और परिजनों से जानकारी ली. पुलिस ने घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है. अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए इलाके में छापेमारी की जा रही है.
