मुजफ्फरपुर के हथौड़ी से प्रभात रंजन की रिपोर्ट
Muzaffarpur News: हथौड़ी थाना क्षेत्र में दिनदहाड़े दवा कंपनी के एक एमआर से हथियार के बल पर लूट की वारदात ने इलाके में सनसनी फैला दी. बाइक सवार बदमाशों ने रास्ते में रोककर नगदी, मोबाइल और कंपनी से जुड़े जरूरी दस्तावेज लूट लिए और फरार हो गए. घटना के बाद पुलिस अपराधियों की तलाश में जुट गई है.
काम पर जाते समय रास्ते में घेरा
पीड़ित मदन कुमार हथौड़ी थाना क्षेत्र के बेरई गांव के रहने वाले हैं. बताया गया कि वह रोज की तरह गुरुवार सुबह करीब 10:40 बजे बाइक से अपने काम पर जा रहे थे. इसी दौरान भुताने चौक के पास बाइक सवार अपराधियों ने उन्हें रोक लिया.
हथियार दिखाकर लूटे रुपये और सामान
अपराधियों ने हथियार का डर दिखाकर मदन कुमार से 30 हजार रुपये नकद, मोबाइल फोन, टैब और दवा कंपनी के कई जरूरी कागजात छीन लिए. वारदात को अंजाम देने के बाद सभी बदमाश मौके से फरार हो गए.
सीसीटीवी में कैद हुई वारदात
घटना स्थल के पास एक दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में अपराधियों की गतिविधि कैद हुई है. फुटेज में दो बाइक पर चार युवक दिखाई दे रहे हैं. बताया जा रहा है कि एक टीवीएस राइडर और एक स्प्लेंडर बाइक पर सवार अपराधी लूट के बाद भुसाही की तरफ भाग निकले.
पुलिस कर रही छापेमारी
घटना की जानकारी मिलते ही हथौड़ी थाना पुलिस हरकत में आ गई. पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर अपराधियों की पहचान करने और उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है.
