मुजफ्फरपुर में भाइयों के झगड़े ने उजाड़ा परिवार, बेटे के बाद मां ने भी तोड़ा दम

Muzaffarpur News: मुजफ्फरपुर में दो भाइयों के मामूली झगड़े ने एक परिवार को बर्बाद कर दिया. बीच-बचाव कर रहे मूक-बधिर भाई की मौत हो गई. बेटे का गम उसकी मां सह नहीं सकीं और उन्होंने भी दम तोड़ दिया.

Muzaffarpur News: बिहार के मुजफ्फरपुर जिले से एक बेहद दुखद घटना सामने आई है. यहां दो भाइयों के आपसी विवाद ने पूरे परिवार को तबाह कर दिया. मामूली कहासुनी इतनी बढ़ गई कि बीच-बचाव करने पहुंचे तीसरे भाई की जान चली गई. बेटे की मौत का सदमा उसकी मां सह नहीं सकीं और कुछ ही देर बाद उन्होंने भी दम तोड़ दिया.

बीच-बचाव में गई मूक-बधिर भाई की जान

यह मामला बोचहां थाना के करणपुर दक्षिणी पंचायत का है. मृतक 35 वर्षीय रामबाबू सहनी मूक और बधिर था. वह गांव में रहकर अपनी बीमार मां पुकारी देवी की देखभाल करता था. उसके दोनों भाई मनोज और चंद्रमणि, दिल्ली में मजदूरी करते हैं. मां की तबीयत खराब होने पर गांव लौटे थे. गुरुवार रात दोनों भाइयों के बीच छोटी बात पर विवाद हुआ.

धक्का लगने से गिरा, रास्ते में तोड़ा दम

शुक्रवार को जब दोनों भाई घर के आंगन में लड़ रहे थे, तभी रामबाबू उन्हें रोकने पहुंचा. इसी दौरान उसे जोर का धक्का लगा और वह जमीन पर गिरकर बेहोश हो गया. परिवार वाले उसे तुरंत अस्पताल ले जाने निकले, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई.

बिहार की ताजा खबरों के लिए क्लिक करें

बेटे का गम नहीं सह सकीं मां

जब रामबाबू का शव घर पहुंचा तो परिवार में मातम छा गया. अंतिम संस्कार की तैयारी चल रही थी, तभी बेटे की मौत से टूट चुकी 65 वर्षीय पुकारी देवी ने भी दम तोड़ दिया. एक ही घर से मां और बेटे की अर्थियां उठने से पूरे गांव में शोक की लहर फैल गई. चार लोगों के इस छोटे परिवार में अब सिर्फ वही दो भाई बचे हैं. पुलिस मामले की जांच कर रही है और पूरे घटनाक्रम की पड़ताल में जुटी है.

इसे भी पढ़ें: क्या है पीएम मोदी और नीतीश कुमार के रिश्तों का सच? जेडीयू नेता संजय झा ने खोला राज

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Paritosh Shahi

परितोष शाही डिजिटल माध्यम में पिछले 3 सालों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. करियर की शुरुआत राजस्थान पत्रिका से की. अभी प्रभात खबर डिजिटल बिहार टीम में काम कर रहे हैं. देश और राज्य की राजनीति, सिनेमा और खेल (क्रिकेट) में रुचि रखते हैं.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >