Muzaffarpur: दहेज की बलि चढ़ी नवविवाहिता, बुलेट के लिए गला दबाकर हत्या

Muzaffarpur News: मुजफ्फरपुर में बुलेट की मांग को लेकर विवाहिता की संदिग्ध मौत. पिता ने ससुराल वालों पर गला दबाकर हत्या का आरोप लगाया है. शादी के एक साल के भीतर हुई इस घटना के बाद आरोपी घर छोड़कर फरार हैं. पढ़ें पूरा अपडेट…

Muzaffarpur News: जिले के पानापुर ओपी क्षेत्र में दहेज के दानवों ने एक और विवाहिता की जिंदगी खत्म कर दी. शादी के महज एक साल के भीतर ही एक बेटी को मौत के घाट उतार दिया गया. मृतका के पिता ने ससुराल वालों पर बुलेट बाइक की मांग पूरी न होने पर गला दबाकर हत्या करने का गंभीर आरोप लगाया है. इस घटना के बाद से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है.

शादी के दो महीने बाद ही शुरू हुई बुलेट की मांग

मृतका नन्दिनी कुमारी की शादी वर्ष 2025 में मीनापुर निवासी हरजीत कुमार के साथ धूमधाम से हुई थी. पिता जमदार साह ने अपनी सामर्थ्य के अनुसार दान-दहेज भी दिया था. लेकिन शादी के मात्र दो महीने बाद ही पति और ससुराल पक्ष के लोग बुलेट बाइक के लिए नन्दिनी को प्रताड़ित करने लगे. आरोप है कि पति हरजीत कुमार ने फोन पर धमकी दी थी कि बुलेट नहीं मिलने पर वह नन्दिनी को जान से मार देगा.

बिस्तर पर पड़ी मिली लाश, ससुराल पक्ष फरार

पीड़ित पिता ने बताया कि 30 अप्रैल 2026 की सुबह उन्हें फोन आया कि बेटी की तबीयत खराब है. जब वे बदहवास होकर बेटी के ससुराल पहुंचे, तो वहां नन्दिनी का शव बिस्तर पर पड़ा हुआ था. घर के सभी सदस्य वहां से फरार हो चुके थे. पिता ने पुलिस को दिए आवेदन में स्पष्ट तौर पर पति, सास और ससुर पर गला दबाकर हत्या करने की आशंका जताई है.

जांच में जुटी पुलिस

पनापुर ओपी पुलिस ने शिकायत दर्ज कर मामले की छानबीन शुरू कर दी है. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के सही कारणों का पता चलेगा. फिलहाल आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है.

मोतिपुर से अशोक कुमार की रिपोर्ट

यह भी पढे़ं: Muzaffarpur news: महाराष्ट्र के बिजनेसमैन के पास से 20 लाख नकदी जब्त, हवाला का रुपया होने की आशंका

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Aniket Kumar

अनिकेत बीते 4 सालों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं. राजस्थान पत्रिका और न्यूजट्रैक जैसे मीडिया संस्थान के साथ काम करने का अनुभव. एंटरटेनमेंट, हाईपरलोकल और राजनीति की खबरों से अधिक जुड़ाव. वर्तमान में प्रभात खबर की डिजिटल टीम के साथ कार्यरत.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >