Muzaffarpur News: फर्जी वेबसाइट से आधार-पैन बनाने वाला शातिर गिरफ्तार, डिजिटल सेवा केंद्र की आड़ में चल रहा था खेल

Muzaffarpur News: सरैया में फर्जी वेबसाइट से सरकारी दस्तावेज बनाने वाले शातिर बिपिन कुमार को साइबर पुलिस ने गिरफ्तार किया है. आरोपी डिजिटल सेवा केंद्र की आड़ में लोगों से अवैध वसूली कर फर्जी कागजात तैयार करता था. पढ़ें पूरी खबर…

Muzaffarpur News: जिले की साइबर थाने की पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए सरैया थाना क्षेत्र के माधोपुर चकदी गांव से एक शातिर जालसाज को गिरफ्तार किया है. पकड़ा गया आरोपी बिपिन कुमार (21 वर्ष) डिजिटल सेवा केंद्र की आड़ में फर्जी वेबसाइट के जरिए लोगों के आधार कार्ड, पैन कार्ड और राशन कार्ड जैसे महत्वपूर्ण सरकारी दस्तावेज तैयार कर रहा था. साइबर थाना की इस कार्रवाई से जिले के अवैध डिजिटल सेंटरों और साइबर अपराधियों में हड़कंप मच गया है.

अवैध वेबसाइट के जरिए लगा रहा था चूना 

पटना स्थित साइबर क्राइम सिक्योरिटी यूनिट से मिली संदिग्ध वेबसाइटों की सूची के आधार पर यह कार्रवाई की गई. जांच में सामने आया कि ‘babartps.xyz’ नामक अवैध वेबसाइट का उपयोग कर मुजफ्फरपुर समेत कई जगहों पर फर्जी दस्तावेज बनाए जा रहे थे. साइबर पुलिस ने सरैया पुलिस के साथ मिलकर आरोपी के घर पर दबिश दी और भागने की कोशिश कर रहे बिपिन को दबोच लिया. आरोपी ने कुबूल किया कि वह छितरी चौक स्थित ‘अंकित डिजिटल सेवा केंद्र’ से पिछले एक साल से इस धंधे को चला रहा था.

प्रति प्रमाण पत्र 100 से 150 रुपये की वसूली 

आरोपी ग्रामीणों को सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने का झांसा देकर प्रति दस्तावेज 100 से 150 रुपये वसूलता था. जांच में यह भी खुलासा हुआ है कि इन फर्जी दस्तावेजों का इस्तेमाल बैंक खाते खुलवाकर अन्य साइबर अपराधों को अंजाम देने के लिए किया जाता था. पुलिस ने मौके से एक लैपटॉप, स्मार्टफोन और कई महिलाओं के सरकारी दस्तावेजों की छायाप्रतियां बरामद की हैं. पुलिस अब इस नेटवर्क के मुख्य सरगना की तलाश कर रही है.

मुजफ्फरपुर से चंदन सिंह की रिपोर्ट

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

सुनील कुमार सिंह प्रभात खबर मल्टीमीडिया में डिप्टी चीफ रिपोर्टर के रूप में कार्यरत हैं। उन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में 20 वर्षों का समृद्ध अनुभव है। क्राइम और राजनीति से जुड़ी खबरों पर उनकी मजबूत पकड़ है। वे निष्पक्ष रिपोर्टिंग और गहन विश्लेषण के लिए जाने जाते हैं, जिससे पाठकों को सटीक और भरोसेमंद जानकारी मिलती है।

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >