मुजफ्फरपुर: दुकान में घुसते ही बरसाईं गोलियां, किराना व्यवसायी की मौत

Muzaffarpur News: मुजफ्फरपुर के बोचहा थाना क्षेत्र के चकेलाल गांव में दुकान पर बैठे किराना व्यवसायी राज कुमार चौधरी की बाइक सवार 3 अपराधियों ने गोली मारकर की हत्या. एसकेएमसीएच में इलाज के दौरान मौत.जानिए खबर विस्तार से…

 मुजफ्फरपुर से सुमित कुमार की रिपोर्ट

Muzaffarpur News: जिला अंतर्गत बोचहा थाना क्षेत्र के चकेलाल गांव में मंगलवार (09 जून 2026) को बेखौफ अपराधियों ने दुस्साहस का परिचय देते हुए एक किराना व्यवसायी की गोली मारकर हत्या कर दी. दिनदहाड़े बीच बाजार हुई इस वारदात के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है और स्थानीय ग्रामीणों व व्यापारियों में भारी दहशत का माहौल है. मृतक की पहचान चकेलाल गांव निवासी 40 वर्षीय राज कुमार चौधरी के रूप में की गई है. अपराधियों ने इस वारदात को उस समय अंजाम दिया जब व्यवसायी अपनी दुकान के काउंटर पर बैठे हुए थे.

लहसुन छील रहे थे पिता

घटना के संबंध में मृतक के पुत्र राहुल कुमार ने रोते हुए आपबीती सुनाई. राहुल ने बताया कि उनके पिता रोज की तरह अपनी किराना दुकान पर बैठे हुए थे और काउंटर के पास लहसुन छील रहे थे. इसी दौरान एक मोटरसाइकिल पर सवार होकर करीब तीन अज्ञात अपराधी दुकान के सामने आकर रुके. जब तक कोई कुछ समझ पाता, अपराधियों ने काउंटर पर बैठे राज कुमार चौधरी को निशाना बनाकर ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी.

गोलियों की गूंज से दहला इलाका

राहुल के अनुसार, अपराधियों ने उनके पिता के शरीर में करीब से दो गोलियां दाग दीं. गोली लगते ही व्यवसायी खून से लथपथ होकर वहीं जमीन पर गिर पड़े. गोली चलने की आवाज सुनकर जब तक आसपास के दुकानदार और ग्रामीण मौके पर दौड़े, अपराधी हथियार लहराते हुए बाइक से तेजी से फरार हो गए.

इलाज के दौरान व्यवसायी की मौत

स्थानीय लोगों की मदद से गंभीर रूप से घायल व्यवसायी को आनन-फानन में इलाज के लिए तुरंत एसकेएमसीएच (SKMCH) भेजा गया, जहां आपातकालीन वार्ड में इलाज के दौरान डॉक्टरों की तमाम कोशिशों के बाद भी उनकी मौत हो गई. राहुल ने स्पष्ट किया कि उनके परिवार की किसी से भी कोई पुरानी दुश्मनी या जमीनी विवाद नहीं था, जिसके कारण इस निर्मम हत्या के पीछे की मुख्य वजह फिलहाल स्पष्ट नहीं हो पा रही है.

सामाजिक कार्यों में सक्रिय

ग्रामीणों के अनुसार, मृतक राज कुमार चौधरी सिर्फ एक साधारण किराना व्यवसायी ही नहीं थे, बल्कि वे इलाके के एक बेहद प्रतिष्ठित व्यक्ति थे. वे गांव में नर्सरी, खाद-बीज और कृषि से जुड़ी दवाइयों के थोक व खुदरा कारोबार से भी लंबे समय से जुड़े हुए थे. इसके अलावा, वे केंद्र व राज्य सरकार की कई लोक-कल्याणकारी योजनाओं, मुख्यमंत्री एवं प्रधानमंत्री रोजगार योजनाओं से जुड़े स्थानीय स्वयं सहायता समूहों का सफल संचालन करते थे.

गांव में शोक की लहर

क्षेत्र में मुर्गी पालन (पोल्ट्री फार्मिंग) व्यवसाय में भी उनकी बड़ी और सक्रिय भागीदारी थी. सामाजिक कार्यों में हमेशा आगे रहने वाले एक सीधे-सरल व्यवसायी की दिनदहाड़े हुई इस निर्मम हत्या से पूरे चकेलाल गांव और बोचहा बाजार में शोक की लहर दौड़ गई है. स्थानीय व्यापारियों ने सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए हत्यारों की गिरफ्तारी की मांग की है.

एसपी के निर्देशन में पुलिस की नाकेबंदी

वारदात की सूचना मिलते ही बोचहा थाना पुलिस बल के साथ तुरंत मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर खोखे बरामद किए. पुलिस ने एसकेएमसीएच में दम तोड़ चुके व्यवसायी के शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी कराई.

मामले की गंभीरता को देखते हुए मुजफ्फरपुर के ग्रामीण एसपी (Rural SP) ने बताया कि इस जघन्य हत्याकांड के सभी संभावित पहलुओं की जांच की जा रही है. अपराधियों की पहचान के लिए पूरे बोचहा व सीमावर्ती थानों के इलाकों में सघन नाकेबंदी कर दी गई है और संदिग्ध ठिकानों पर लगातार छापेमारी अभियान चलाया जा रहा है. पुलिस अधिकारियों का दावा है कि बाजार और हाईवे के सीसीटीवी (CCTV) फुटेज को खंगाला जा रहा है और वारदात में शामिल सभी को जल्द ही चिन्हित कर सलाखों के पीछे भेज दिया जाएगा.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Purushottam Kumar

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >