Muzaffarpur News: अब तीन किस्तों में मिलेगा 125 यूनिट मुफ्त बिजली का लाभ, NBPDCL ने बदला नियम

Muzaffarpur News:बिहार में अब 125 यूनिट मुफ्त बिजली का लाभ तीन किस्तों में मिलेगा. एनबीपीडीसीएल ने नया नियम लागू करते हुए 42-42-41 यूनिट का फॉर्मूला तय किया है. उपभोक्ताओं को अब अपने प्रीपेड मीटर में बैलेंस रखना जरूरी होगा.पढ़ें पूरी खबर…

Muzaffarpur News:बिहार के बिजली उपभोक्ताओं के लिए बड़ी खबर है. सरकार द्वारा घोषित 125 यूनिट मुफ्त बिजली का लाभ अब उपभोक्ताओं को एक साथ मिलने के बजाय किस्तों में दिया जाएगा. नॉर्थ बिहार पावर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी लिमिटेड (एनबीपीडीसीएल) ने इस नए नियम को 1 मई से प्रभावी कर दिया है. अब उपभोक्ताओं के प्रीपेड मीटर बैलेंस में सब्सिडी की राशि तीन अलग-अलग किस्तों में क्रेडिट की जाएगी.

42-42-41 के फॉर्मूले पर मिलेगी मुफ्त बिजली

नए नियम के तहत, महीने भर की 125 यूनिट की छूट को तीन हिस्सों में बांटा गया है. उपभोक्ताओं को हर दस दिन पर क्रमशः 42, 42 और 41 यूनिट के बराबर की राशि उनके मीटर आईडी में भेजी जाएगी. सामान्य उपभोक्ताओं के लिए यह राशि लगभग 184 रुपये प्रति किस्त होगी. पहले यह लाभ महीने की शुरुआत में ही मिल जाता था, लेकिन अब पहले मीटर से पैसे कटेंगे और फिर कंपनी सब्सिडी की राशि क्रेडिट करेगी.

मीटर में बैलेंस रखना होगा अनिवार्य

बिजली कंपनी के इस फैसले का सबसे ज्यादा असर उन लोगों पर पड़ेगा जिनकी खपत 125 यूनिट से कम है. पहले ऐसे उपभोक्ताओं ने मीटर रिचार्ज करना बंद कर दिया था. अब नए सिस्टम में मीटर से राशि पहले कटेगी, इसलिए उपभोक्ताओं को अपने मीटर में कुछ न कुछ बैलेंस रखना अनिवार्य होगा. यदि बैलेंस माइनस में जाता है, तो बिजली कटने का खतरा रहेगा. 125 यूनिट से कम खपत वालों को भी सब्सिडी का पूरा लाभ मिलता रहेगा, बस उन्हें मीटर रिचार्ज एक्टिव रखना होगा.

क्या कहते हैं अधिकारी?

अधीक्षण अभियंता पंकज राजेश ने बताया कि यह बदलाव मुख्यालय स्तर पर सॉफ्टवेयर में सुधार के लिए किया गया है. फिलहाल राशि भेजी जा रही है, लेकिन अगले एक-दो महीनों में सीधे यूनिट क्रेडिट करने की व्यवस्था शुरू हो जाएगी. उन्होंने उपभोक्ताओं से अपील की है कि इस नई व्यवस्था से घबराने की जरूरत नहीं है, सभी पात्र उपभोक्ताओं को उनके हक की मुफ्त बिजली किस्तों के माध्यम से सुनिश्चित की जा रही है.

मुजफ्फरपुर से कुमार गौरव की रिपोर्ट

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: SUMIT KUMAR

सुमित पत्रकारिता में पिछले 4 वर्षों से सक्रिय। प्रभात खबर के प्रिंट मीडिया के साथ काम करने के बाद वर्तमान में प्रभात खबर की डिजिटल टीम से जुड़े हुए हैं। क्राइम, हाईपरलोकल, स्वास्थ्य विभाग व राजनीतिक रिपोर्टिंग में विशेष रुचि और अनुभव रखते हैं। क्षेत्रीय मुद्दों और जनसरोकार की खबरों को सशक्त तरीके से उठाने के लिए जाने जाते हैं।

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >