Muzaffarpur News: बिहार सरकार के नगर विकास एवं आवास विभाग द्वारा जारी संकल्प ज्ञापन-4583 के तहत “तिरहुत ग्रीनफील्ड सैटेलाइट टाउनशिप” को मंजूरी दे दी गई है . इसके बाद अधिसूचित गांवों में जमीन की खरीद-बिक्री पर पूरी तरह रोक लगा दी गई है . सरकार के इस फैसले के खिलाफ अब सियासी विरोध शुरू हो गया है . कांटी के ब्लॉक प्रमुख और जिला कांग्रेस कमेटी (मुजफ्फरपुर पश्चिमी) के अध्यक्ष कृपा शंकर शाही ने इस निर्णय को पूरी तरह जनविरोधी और तानाशाही करार दिया है .
हितधारकों की बैठक में उठा विरोध का स्वर
मुजफ्फरपुर आयोजना क्षेत्र के विस्तार को लेकर आयोजित हितधारकों की बैठक में प्रमुख कृपा शंकर शाही ने इस मुद्दे को पुरजोर तरीके से उठाया . उन्होंने कहा कि हमारे समाज में आम लोगों के लिए विपत्ति और संकट के समय जमीन ही एकमात्र सबसे बड़ा सहारा होती है . ऐसे में सरकार द्वारा खरीद-बिक्री पर अचानक रोक लगा देना जनता के अधिकारों पर कुठाराघात है . उन्होंने बैठक में इस जनविरोधी फैसले में तुरंत संशोधन करने का प्रस्ताव भी दिया .
चरणबद्ध आंदोलन और हस्ताक्षर अभियान की चेतावनी
कांग्रेस नेता ने ऐलान किया है कि इस फैसले के विरोध में कांग्रेस पार्टी चरणबद्ध तरीके से बड़ा आंदोलन चलाएगी . आंदोलन के पहले चरण में सभी प्रभावित गांवों में बड़े पैमाने पर हस्ताक्षर अभियान चलाया जाएगा . इसके बाद खरीद-बिक्री पर लगी रोक को हटाने के लिए माननीय मुख्यमंत्री, विभागीय मंत्री और संबंधित प्रशासनिक अधिकारियों को एक मांग-पत्र सौंपा जाएगा . शाही ने चेतावनी दी कि यदि सरकार ने मांग स्वीकार नहीं की, तो प्रभावित ग्रामीणों के साथ मिलकर आगे की उग्र रणनीति तय की जाएगी
