मुजफ्फरपुर: एलएस कॉलेज के प्रोफेसर के घर 22 लाख की चोरी, ग्रिल काटकर फरार हुए चोर

Muzaffarpur News: मुजफ्फरपुर के बीबीगंज में एलएस कॉलेज के अंग्रेजी विभागाध्यक्ष प्रोफेसर शिवारंजन चतुर्वेदी के घर 22.50 लाख की भीषण चोरी. ग्रिल काटकर घुसे चोर, पूर्व ड्राइवर सुमित समेत 5 पर केस दर्ज. जानिए खबर विस्तार से…

 मुजफ्फरपुर से चंदन सिंह की रिपोर्ट

Muzaffarpur News: सदर थाना क्षेत्र के बीबीगंज, चित्रकूट नगर (रोड नंबर 5) में चोरों ने एक बड़ी वारदात को अंजाम दिया है. चोरों ने लंगट सिंह (एलएस) कॉलेज के अंग्रेजी विभागाध्यक्ष प्रोफेसर शिवारंजन चतुर्वेदी के घर का ग्रिल व खिड़की तोड़कर करीब 20 लाख रुपये मूल्य के सोने-चांदी के जेवरात और 2.50 लाख रुपये नगद समेत भारी संपत्ति पर हाथ साफ कर दिया. घटना बुधवार (10 जून 2026) की बताई जा रही है. प्रोफेसर वर्तमान में चित्रकूट नगर स्थित सुधीर प्रसाद के मकान में किराएदार के रूप में सपरिवार रहते हैं. चोरी की सूचना मिलते ही पुलिस मामले की छानबीन में जुट गई है.

ग्रिल काटकर घुसे थे चोर

मिली जानकारी के अनुसार, बुधवार सुबह करीब 6 बजे जब प्रोफेसर शिवारंजन चतुर्वेदी सोकर उठे, तो उन्होंने देखा कि उनके घर के एक कमरे का दरवाजा अंदर से पूरी तरह लॉक है. किसी अनहोनी की आशंका होने पर जब वे घर के पिछले हिस्से में देखने गए, तो उनके होश उड़ गए. चोरों ने बड़ी शातिरता से उस कमरे की खिड़की और लोहे की सुरक्षा ग्रिल को कटर से काट दिया था.

चोर इसी रास्ते से रात के अंधेरे में कमरे के भीतर दाखिल हुए थे. कमरे के अंदर रखी गोदरेज की दो भारी अलमारियों में से एक का ताला टूटा हुआ था और कीमती कपड़े, लॉकर का सामान व अन्य सामग्रियां फर्श पर बिखरी पड़ी थीं. चोर अलमारी में रखे सारे जेवरात और ढाई लाख की नगदी समेट कर फरार हो चुके थे.

15 दिन पहले काम छोड़ने वाले ड्राइवर समेत पांच पर शक

पीड़ित प्रोफेसर ने सदर थाना पुलिस को लिखित शिकायत देकर पांच लोगों के खिलाफ नामजद शिकायत दर्ज कराई है. पुलिस को दिए आवेदन में उन्होंने अपने पूर्व कार ड्राइवर सुमित कुमार पर मुख्य रूप से साजिश रचने का शक जताया है. सुमित ने महज 15 दिन पहले ही ड्राइवर की नौकरी छोड़ी थी और उसे प्रोफेसर के घर के चप्पे-चप्पे और आलमारियों की पूरी जानकारी थी. इसके अलावा ब्रह्मपुरा के नीलकंठ चौक निवासी राजाराम, लालमुनी देवी, दमयंती देवी (जो पूर्व में घर में काम करती थी) और एक अन्य अज्ञात को इस कांड में आरोपी बनाया गया है.

बीएनएस की नई धाराओं में एफआईआर दर्ज

मामले की गंभीरता और पीड़ित के रसूख को देखते हुए सदर थाना पुलिस ने कार्रवाई की है. पुलिस ने प्रोफेसर के आवेदन के आधार पर सदर थाना में कांड दर्ज कर लिया है. मामले में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 331(4) और 305 के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है.

जांच में जुटी सदर पुलिस

सदर थानेदार नवलेश कुमार आजाद ने बताया कि सब-इंस्पेक्टर (SI) राकेश कुमार यादव को इस पूरे मामले का अनुसंधान सौंपा गया है. पुलिस की टीम और स्थानीय अधिकारी चित्रकूट नगर रोड नंबर 5 की गलियों में लगे सीसीटीवी (CCTV) कैमरों के फुटेज खंगाल रहे हैं .

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Purushottam Kumar

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >