मुजफ्फरपुर से प्रेमांशु शेखर की रिपोर्ट
Muzaffarpur News: मुजफ्फरपुर में क्रिकेट प्रेमियों के लिए अच्छी खबर है. एमडीसीए की ओर से आयोजित स्वर्गीय परमानंद सिंहा उर्फ “बमबम भईया” सीनियर जिला क्रिकेट लीग का आगाज 26 मई से होने जा रहा है. लीग को लेकर पहले चरण के मुकाबलों का शेड्यूल जारी कर दिया गया है.
एलएस कॉलेज मैदान में होंगे सभी मुकाबले
एमडीसीए की सचिव रचना शर्मा ने बताया कि लीग के सभी मैच एलएस कॉलेज मैदान में खेले जाएंगे. खिलाड़ियों की रिपोर्टिंग सुबह 7:30 बजे होगी, जबकि मुकाबले सुबह 8 बजे से शुरू होंगे.
रंगीन पोशाक में खेलेंगे खिलाड़ी
इस बार सभी मुकाबले 35-35 ओवर के होंगे और खिलाड़ी रंगीन ड्रेस में मैदान पर उतरेंगे. लीग को लेकर विभिन्न क्लबों और क्रिकेट एकेडमियों में उत्साह का माहौल है.
पहले चरण में होंगे 15 मुकाबले
पहले चरण में कुल 15 मैच खेले जाएंगे. इसमें आईसीए, यंग मेन सीसी, स्कूल ऑफ क्रिकेट, समर क्रिकेट एकेडमी, गायत्री क्रिकेट क्लब, चैंपियंस ब्लू क्रिकेट एकेडमी, सुस्ता क्रिकेट क्लब, साईं क्रिकेट एकेडमी समेत कई टीमों के बीच मुकाबले होंगे.
खिलाड़ियों को मिलेगा बड़ा मंच
क्रिकेट लीग को जिले के युवा खिलाड़ियों के लिए बेहतर मंच माना जा रहा है. स्थानीय क्रिकेटरों को अपनी प्रतिभा दिखाने और बड़े टूर्नामेंटों के लिए खुद को तैयार करने का मौका मिलेगा.
