Muzaffarpur News: बिहार सरकार ने जिले के रहने वाले अमित कुमार को एक महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी है. मंत्रिमंडल सचिवालय विभाग द्वारा जारी हालिया अधिसूचना के अनुसार, अमित कुमार को सूबे के पर्यटन मंत्री केदार प्रसाद गुप्ता का आप्त सचिव (बाह्य) नियुक्त किया गया है. यह नियुक्ति मंत्री की विशेष अनुशंसा पर की गई है, जो क्षेत्र के लोगों के लिए गर्व का विषय है.
8 मई से प्रभावी मानी जाएगी नियुक्ति
सरकार के अवर सचिव लल्लू कुमार के हस्ताक्षर से जारी इस आदेश में स्पष्ट किया गया है कि अमित कुमार की यह नियुक्ति 8 मई 2026 के प्रभाव से लागू मानी जाएगी. विभाग ने इस संबंध में सभी संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई और सूचना के लिए प्रतिलिपि भेज दी है. अमित कुमार मूल रूप से मुजफ्फरपुर जिले के कुढ़नी प्रखंड के थतिया, किशुनपुर बलौड़ गांव के निवासी हैं.
पद की शर्तें और कार्यवधि
आदेश में यह भी साफ किया गया है कि यह पद पूरी तरह से अस्थाई है. नियमों के अनुसार, जब तक मंत्री अपने पद पर बने रहेंगे या जब तक विभाग द्वारा उनकी सेवा की आवश्यकता समझी जाएगी, तब तक अमित कुमार इस पद पर कार्य करेंगे. मंत्री के पद त्यागने या विभाग द्वारा हटाए जाने की स्थिति में उनकी सेवा स्वतः समाप्त हो जाएगी. इस नियुक्ति से कुढ़नी प्रखंड के युवाओं और स्थानीय लोगों में उत्साह देखा जा रहा है.
मुजफ्फरपुर के मनियारी से श्याम कुमार की रिपोर्ट
