Muzaffarpur News: जिले के अहियापुर थाना क्षेत्र अंतर्गत दामोदरपुर से दहेजलोभियों की एक शर्मनाक करतूत सामने आई है. यहाँ फलदान की रस्म पूरी होने और लाखों रुपये लेने के बाद भी दूल्हे ने ऐन वक्त पर अपाचे बाइक और नकद की डिमांड कर दी. लड़की पक्ष द्वारा मजबूरी जताने पर आरोपियों ने शादी तोड़ दी और तय तारीख पर दूल्हे ने दूसरी जगह फेरे ले लिए. अब पीड़ित मां ने अहियापुर थाने में प्राथमिकी दर्ज करायी है.
यूपीआई से ट्रांसफर कराए थे पैसे,मंदिर के पास दी धमकी
दामोदरपुर निवासी पीड़ित महिला ने अपनी बेटी का रिश्ता रामपुर हरी थाना के धनुखी निवासी विशाल कुमार से तय किया था. बीती 13 फरवरी को धूमधाम से फलदान हुआ, जिसमें लड़के वालों को सोने की चेन, चांदी के बर्तन और 36 हजार रुपये नगद दिए गए. इसके अलावा दूल्हे विशाल कुमार, उसके पिता नान्दुन सहनी और भाई मनीष कुमार ने अलग-अलग किस्तों में करीब तीन लाख रुपये भी ऐंठे. इसमें से एक लाख 98 हजार रुपये तो मनीष के खाते में यूपीआइ (UPI) के जरिए भेजे गए थे.
तय तारीख पर ही दूल्हे ने रचाई दूसरी शादी
शादी की तारीख 3 मई 2026 तय थी. इसी बीच 30 अप्रैल को आरोपियों ने लड़की पक्ष को उमानगर स्थित शिव मंदिर के पास बुलाया और अचानक एक लाख रुपये नगद तथा एक अपाचे मोटरसाइकिल की मांग रख दी. जब विधवा मां ने हाथ खड़े किए, तो आरोपियों ने शादी तोड़ दी. इतना ही नहीं, धोखेबाज दूल्हे ने तय तारीख (3 मई) को ही दूसरी लड़की से शादी रचा ली. आरोपियों ने फलदान के जेवर और रुपये वापस करने से भी साफ मना कर दिया है. पुलिस मामले की जांच कर रही है.
मुजफ्फरपुर से चंदन सिंह की रिपोर्ट
